सूरत

एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह उड़ान 17 अगस्त से शुरू होने के आसार

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का सपना साकार होने की दिशा में एक और बड़ा कदम

2 min read
Jun 17, 2018
एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह उड़ान 17 अगस्त से शुरू होने के आसार

सूरत

लंबे समय से सूरत एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने के लिए प्रयास कर रहे सूरतीयों का सपना साकार होता दिख रहा है। पिछले सप्ताह सूरत एयरपोर्ट को कस्टम नोटिफाइड का दर्जा मिलने के बाद विमान कंपनी की ओर से अगस्त से सूरत और शारजाह के बीच फ्लाइट शुरू करने की तैयारी की जा रही है। सूरत के उद्यमी इसे बड़ी राहत मान रहे हैं।
शारजाह फ्लाइट सूरत की पहली इंटरनेशनल फ्लाइट होगी। फिलहाल सूरत से दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरू, हैदराबाद, जयपुर, गोवा और कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट हैं। वी वर्क फोर वर्किंग एयरपोर्ट के संजय शाह ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शारजाह के लिए फ्लाइट शुरू करने की दिशा में कदम उठाया है। यदि सारी औपचारिकताएं पूरी हो गईं तो 17 अगस्त से सूरत से शारजाह के लिए विमान सेवा शुरू हो जाएगी। अब तक की जानकारी के अनुसार यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उड़ान भरेगी। दुबई के समयानुसार विमान रात 2.05 बजे वहां से उड़ान भरेगा और भारतीय समयानुसार सुबह 6.30 बजे सूरत पहुंचेगा। यह 180 बैठक वाली फ्लाइट होगी। सूरत एयरपोर्ट को कस्टम नोटिफाइड घोषित करने के बाद कस्टम स्टाफ रिक्रूट करने तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
सूरत एयरपोर्ट से शारजाह के लिए फ्लाइट शुरू होने से सूरत के उद्यमियों को बड़ा लाभ होगा। जेम्स एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के रीजनल चेयरमैन दिनेश नावडिय़ा ने बताया कि सूरत के कपड़़ा उद्यमियों को व्यापार के सिलसिले में दुबई जाना होता है। शारजाह से दुबई नजदीक होने के कारण अब दुबई जाना आसान हो जाएगा। हीरा उद्यमी भी दुबई, दक्षिण अफ्रीका, बेल्जियम आदि देशों में जाते है। शारजाह से यहां की फ्लाइट उपलब्ध होने से उनका समय बचेगा। सूरत के उद्यमियों को अब तक दुबई जाने के लिए पहले मुंबई पहुंचना पड़ता था।
पत्रिका ने बुलंद की आवाज
सूरत को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा देने और डॉमेस्टिक सेग्मेंट में अन्य शहरों से एयर कनेक्टिविटी की मांग काफी पुरानी है। राजस्थान पत्रिका ने एयर कनेक्टिविटी और अंतरराष्ट्रीय दर्जे की मांग के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरतों को देखते हुए लंबा अभियान चलाया था। उसके बाद एविएशन मंत्रालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी सक्रिय हुईं। सूरत एयरपोर्ट पर इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होने के साथ अन्य शहरों से एयर कनेक्टिविटी में भी इजाफा हो रहा है। एक जून से एयर एशिया सूरत से बेंगलुरू के लिए विमान सेवा शुरू कर चुकी है। स्पाइस जेट ३ जुलाई से सूरत-कानपुर वाया दिल्ली कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू करने वाली है।

ये भी पढ़ें

JAISALMER NEWS- जैसलमेर के इस गांव में हाई वोल्टेज से हुआ इतना बड़ा नुकसान

ये भी पढ़ें

कम ऑर्डर मिलने के कारण वीवर्स ने ग्रे का उत्पादन घटा दिया
Published on:
17 Jun 2018 08:25 pm
Also Read
View All