सूरत

कांग्रेस के इशारे पर राज्य की शांति बाधित करने का प्रयास : जीतु वाघाणी

अध्यक्ष जीतु वाघाणी ने नाम लिए बिना हार्दिक पर निशाना साधा
2 min read
Aug 25, 2018
patrika
कांग्रेस के इशारे पर राज्य की शांति बाधित करने का प्रयास : जीतु वाघाणी

बारडोली. श्रद्धांजलि सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतु वाघाणी ने नाम लिए बिना हार्दिक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इशारे पर कुछ लोग प्रदेश की शांति को बाधित करने का प्रयास कर रहे हैं।


वाघाणी ने पाटीदार आरक्षण आंदोलन के हार्दिक पटेल के अनशन के बारे में कहा कि कुछ तत्व कांग्रेस के एजेंडा पर काम कर रहा है। कुछ लोग समाज को गुमराह कर गुजरात को बदनाम करने में जुटे हैं। यह पूरा कार्यक्रम कांग्रेस के एजेंडा के तहत हो रहा है। पूर्व में भी ऐसे एजेंडा पर काम कर रही कांग्रेस को सफलता नहीं मिली थी। इस बार फिर से कुछ लोगों को आगे कर गुजरात की शांति व्यवस्था को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है।


पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी को आमजन ने दी श्रद्धांजलि, कामरेज में सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

जिले के कामरेज में जिला भाजपा की ओर से शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतु वाघाणी वाजपेयी का अस्थिकलश लेकर कामरेज पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में आमजन ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की।


पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश सूरत जिले से गुजरती तापी नदी में विसर्जित करने का प्रदेश भाजपा ने तय किया था। इसको लेकर शनिवार को जिला भाजपा की ओर से कामरेज तालुका पंचायत के प्रांगण मे सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में वाजपेयी का अस्थि कलश लाया गया।


इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतु वाघाणी, प्रदेश भाजपा महामंत्री भरतसिंह परमार, जिला भाजपा प्रमुख दिलीपसिंह राठौड़, वन एवं आदिजाति विकास मंत्री गणपत वसावा, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री ईश्वर परमार, सूरत जिला भाजपा प्रभारी एवं नवसारी सांसद सी.आर. पाटील, साधु-संत तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने अस्थि कलश का पूजा-अर्चना कर पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई।


Published on:
25 Aug 2018 10:00 pm