सूरत

गुजरात प्रदेश कांग्रेस में भरुच को मिली अहम जिम्मेदारियां

कई पदाधिकारियों की नियुक्ति

2 min read
Nov 21, 2018
patrika
गुजरात प्रदेश कांग्रेस में भरुच को मिली अहम जिम्मेदारियां

भरुच. गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति के नए संगठन में भरुच के स्थानीय नेताओं को भी महत्व दिया गया है। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में पार्टी ने संगठन को व्यापक रूप दिया है और जिले में संगठन को मजबूती देने के लिए प्रदेश इकाई में स्थानीय नेताओं को जगह दी है।
भरुच के स्थानीय कांग्रेस नेताओं को प्रदेश में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नए संगठन में दी गई है। इसमें भरुच जिला कांग्रेस समिति के पूर्व जिला प्रमुख राजेन्द्र सिंह रना को पहली पंक्ति में स्थान देकर प्रदेश का महामंत्री बनाया गया है। इनके नेतृत्व में कांग्रेस ने भरुच जिला पंचायत के साथ आमोद नगरपालिका में सत्ता हासिल की थी। विधानसभा चुनाव में भी जंबूसर की सीट भाजपा के पास से छीनने में भी कांग्रेस ने सफलता हासिल की थी। भरुच जिला पंचायत में भी रना ने राज्यसभा सांसद अहमद पटेल के मार्गदर्शन में पार्टी के सदस्यों को संगठित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। राजेंद्रसिंह रना के अलावा प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति में भरुच के युनुस पटेल को प्रदेश उपाध्यक्ष, रफीक झगडिय़ावाला, डीसी सोलंकी, अरविंद दोरावाला, सुनील पटेल व मुकेश जैन को भी जगह दी गई है।

आत्महत्या का प्रयास


भरुच तहसील में के कड़ोद गांव के युवक ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया है। खबर के अनुसार कड़ोद गांव के राकेश रावजी बसावा ने अज्ञात कारण से घर में फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की। इसी दौरान परिजनों ने पहुंचकर रस्सी काट दी। बाद में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दुर्घटना में बुजुर्ग घायल


शहर में बुधवार को स्टेशन रोड से गुजर रहे एक बुजुर्ग को कारचालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल को बाद में इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की प्राथमिकी ए डिवीजन पुलिस ने दर्ज की है। खबर के अनुसार शहर के धोलीकुई बाजार इलाके के 70 वर्षीय उम्मेद बाबर गोहिल इंदिरानगर से जा रहे थे, तभी एक कारचालक ने उन्हें अपनी चपेट में लेकर घायल कर दिया। घटना के बाद कारचालक फरार हो गया था।

Published on:
21 Nov 2018 07:51 pm