16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीच समुद्र में अटका जहाज

रो-रो फेरी सर्विस तकनीकी कारण से रुकी, जहाज में सवार यात्रियों में बनी दहशत

2 min read
Google source verification
patrika

बीच समुद्र में अटका जहाज

भरुच. दक्षिण गुजरात व सौराष्ट्र को जलमार्ग से जोडऩे के लिए हाल ही में शुरू की गई दहेज-घोघा रो-रो फेरी सर्विस का समुद्री जहाज बुधवार को तकनीकी कारणों से बीच समुद्र में अटक गया। समुद्र में जहाज के अचानक रुकने से सवार साढ़े चार सौ से ज्यादा यात्रियों में दहशत फैल गई। बाद में सभी यात्रियों व जहाज में लदे वाहनों को अन्य छोटे जहाज से किनारे पहुंचाया गया। उसके बाद जहाज को भी अन्य जहाजों से टोइंग कर घोघा बंदरगाह ले जाया गया और तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।
गुजरात के दो प्रदेश दक्षिण गुजरात व सौराष्ट्र को जलमार्ग से जोडऩे के उद्देश्य से गत 22 अक्टूबर को दहेज-घोघा के बीच रो-रो फेरी सर्विस का जहाज मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने यात्रा कर शुरू किया था। हालांकि इस सर्विस की औपचारिक शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गतवर्ष ही कर दी थी। दहेज-घोघा के बीच रो-रो फेरी सर्विस के जहाज को यात्रियों व माल-सामान को ध्यान में रख वर्ष 2015 में कोरिया में निर्मित चार हजार टन वजनी वॉयेज सिम्फॉनी नामक जहाज को समुद्र में उतारा गया। बुधवार को वॉयेज सिम्फॉनी जहाज 469 यात्रियों व 95 वाहनों के साथ घोघो बंदरगाह से दहेज बंदरगाह के लिए रवाना हुआ था। घोघा बंदरगाह से अरबसागर में तीन नॉटिकल मील की दूरी तक पहुंचने पर जहाज का इंजन तकनीकी कारण से बंद हो गया और जहाज बीच पानी में रुक गया। थोड़ी देर तक स्टाफ व यात्री कुछ समझ नहीं पाए मगर जब तकनीकी कारणों से जहाज के अटकने की जानकारी मिली तो यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि इस दौरान जहाज पर मौजूद स्टाफ ने सभी को संभाला और बाद में छोटे जहाज स्थल पर बुलाए गए और जहाज में सवार सभी यात्रियों को उनमें बिठाकर वापस भेजा गया। बाद में शाम को वॉयेज सिम्फॉनी जहाज को भी अन्य जहाजों की मदद से घोघा बंदरगाह लेकर आया गया।