बिलीमोरा में भाजपा के मनीष देसाई ने आठ मतों से दर्ज की जीत
नवसारी. गत दिनों नगर पालिका चुनाव के परिणामों की घोषणा के बाद सोमवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करवाया गया। दोनों ही नपाओं में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
बिलीमोरा नपा में भाजपा के मनीष नायक ने निर्दलीय मंजूला पटेल को आठ मतों से हरा दिया। गौरतलब है कि बिलीमोरा नपा की 36 सीटों में से चुनाव में भाजपा ने 21 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया था। जबकि 13 सीट निर्दलीय और दो सीटें कांग्रेस को मिली थी। सोमवार को नपा की विशेष सभा चिखली प्रांत अधिकारी भोगतया की अध्यक्षता में हुई, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर छह से चुने गए भाजपा के मनीष नायक के सामने वार्ड नंबर तीन से निर्दलीय पार्षद मंजूला बेन पटेल ने नामांकन किया था। अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में मनीष नायक को 22 और मंजूला बेन को 14 पार्षदों का समर्थन मिला। जिसके बाद मनीष नायक को विजेता घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा पार्षद तेजल जोशी को निर्वाचित किया गया। मतदान के दौरान वार्ड नंबर सात से पार्षद तेजल जोशी ने वार्ड नंबर तीन से निर्दलीय पार्षद अरविन्द पटेल को हराकर उपाध्यक्ष पद के लिए जीत हासिल की। इस दौरान वार्ड नंबर चार की निर्दलीय पार्षद वर्षा सारंग ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया।
नपा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर मनीष नायक और तेजल जोशी के चुने जाने के बाद भाजपा महामंत्री लक्ष्मण पटेल, शहर अध्यक्ष प्रग्नेश पटेल, गणदेवी तालुका पंचायत अध्यक्ष प्रथमेश वशी समेत अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मिठाईयां बाटी और पटाखे फोडक़र खुशी मनाई।
वहीं विजलपोर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के जगदीश मोदी को सर्वसम्मति से चुन लिया गया। ज्ञात हो कि विजलपोर नपा की 36 में से 33 सीटें भाजपा और मात्र तीन सीटें कांग्रेस को मिली थी। सोमवार को नवसारी प्रांत अधिकारी कुमारी नेहा की अध्यक्षता में आयोजित विशेष सभा में वार्ड नंबर दो से पार्षद चुने गए जगदीश करसन मोदी के नाम का प्रस्ताव प्रकाश पाटील ने रखा। जिसे भाजपा की रमीला पटेल ने समर्थन दिया। कोई अन्य उम्मीदवार न रहने से जगदीश करसन मोदी को विजेता घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद पर वार्ड नंबर चार से भाजपा पार्षद संतोष विनायक पुंडकर को भी सर्वसम्मति से चुना गया। उनके नाम का प्रस्ताव महेन्द्र टंडेल ने किया। जिसे सोनाली रसाल ने समर्थन दिया। उनके सामने भी किसी ने उम्मीदवारी नहीं जताई थी। इस मौके पर जिला महामंत्री भूरालाल शाह, शहर भाजपा अध्यक्ष मुकेश कानगुडे, प्रदीप जैन, बबलू शर्मा समेत अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मौजूद रहकर अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को बधाई दी व मिठाइयां बांटी।