सूरत

बुराई के प्रतीक रावण के पुतले को फूंका

रावण दहन के दौरान उमड़ी भीड़, आतिशबाजी ने मोहा मन
2 min read
Oct 19, 2018
patrika
बुराई के प्रतीक रावण के पुतले को फूंका

दशहरा पर्व
सूरत. नवरात्र पर्व की दशमी तिथि पर शुक्रवार को सांध्यवेला में सूरत महानगर में बुराई के प्रतीक रावण का पुतला धू-धू कर जल गया। इस दौरान रावण दहन वाले स्थल वेसू के श्रीश्याम पैलेस के पास महानगरपालिका के पार्टी प्लॉट में भारी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद रही। रावण दहन के बाद हुई सतरंगी आतिशबाजी ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
श्रीआदर्श रामलीला ट्रस्ट की ओर से नवरात्र पर्व के मौके पर रामलीला महोत्सव का आयोजन नौ अक्टूबर से वेसू के रामलीला मैदान में किया गया। रामलीला के दौरान दसवें दिन शुक्रवार को रावण दहन का आयोजन किया गया। इस मौके पर वृंदावन की श्रीहित राधावल्लभ रासमंडली के कलाकारों ने रावण दहन वाले स्थल पर राम-रावण युद्ध की लीला का मंचन किया। युद्ध की लीला को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग मैदान में मौजूद थे। बाद में मंच से रासाचार्य त्रिलोकचंद शर्मा ने राम-रावण युद्ध की लीला का चित्रण करते हुए बताया कि विभीषण ने भगवान को रावण के नाभि में अमृतकुंड को सुखाने के लिए धनुष पर 31 बाण चढ़ाने की बात कही। तब प्रभु श्रीराम ने एक साथ 31 बाण रावण पर छोड़े। इतना बोलते ही मैदान में खड़े 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले को पलीता दिखा दिया गया।


सजा कंठहार, दमके दांत


रावण के पुतले को आग दिखाते ही आकर्षक आतिशबाजी की भी शुरुआत स्थल पर होने लगी। इसमें पुतला खड़ा रहा लेकिन पलीते की आग धड़ तक पहुंची और फिर रोशनी से जगमगाता कंठहार लोगों को दिखने लगा। यहां से बाद में सीधे मुकुट पर अंगारे फैंकती चकरी चली और फिर दोनों हाथ और आग से जगमगाते दांत दिखे। इसके बाद जोर के धमाकों के साथ रावण का पुतला पूरी तरह से जल गया।


नियाग्रा फाल से चौंधी आंखें


रावण दहन के दौरान आयोजक श्रीआदर्श रामलीला ट्रस्ट ने दिल्ली के मुन्नाभाई के माध्यम से मैदान में आकर्षक आतिशबाजी की व्यवस्था भी करवाई। इसमें रावण के पुतले के दोनों तरफ नियाग्रा फाल की झलक जगमगाती रोशनी की झालर के रूप में करीब दो मिनट तक देखने को मिली। इसके बाद आसमान सतरंगी रोशनी से दमक उठा और मैदान में गूंजते बम धमाकों को सुनते हुए हजारों लोगों की आंखें चमचमाते आसमान की ओर उठी रही।


और भी जगह फूंके पुतले


विजयादशमी पर्व के मौके पर शुक्रवार देर शाम भटार में राममंदिर, रामवाड़ी की ओर से भी बीएसएनएल ऑफिस के पास 50 फीट ऊंचे रावण का पुतला फूंका गया। इसके अलावा शहर के कई गली-मोहल्लों व सोसायटी-अपार्टमेंट में भी बच्चों ने रावण के पुतले जलाए। रावण दहन स्थल पर इस दौरान मेले जैसा माहौल भी देखने को मिला। उधर लिंबायत उत्सव समिति ने गुरुवार को दशहरा मनाते हुए नीलगिरी मैदान में रावण का पुतला जलाया था।


श्रीराम राज्याभिषेक आज होगा


नवरात्र पर्व के मौके पर आयोजित रामलीला महोत्सव में शनिवार रात वेसू के रामलीला मैदान में श्रीराम राज्याभिषेक व श्रीकृष्ण लीला का मंचन वृंदावन के कलाकार करेंगे। इसके बाद महोत्सव के समापन मौके पर रविवार शाम सात बजे से रामलीला मैदान में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें नई दिल्ली के डॉ. सुनील जोगी, रायपुर के डॉ. सुरेंद्र दुबे, लखनऊ की डॉ. सुमन दुबे, जबलपुर के सुदीप भोला व इटावा के गौरव चौहान शामिल रहेंगे।

Updated on:
19 Oct 2018 09:03 pm
Published on:
19 Oct 2018 09:03 pm