6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सूरत में निकलेगी एकता रथयात्रा

सरदार पटेल की जयंती पर आज रांदेर जोन से रवाना होगा रथ
2 min read
Google source verification

सूरत

image

Vineet Sharma

Oct 19, 2018

patrika

सूरत में निकलेगी एकता रथयात्रा

सूरत. सरदार पटेल की जयंती और उनकी प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के लोकार्पण अवसर पर सूरत महानगर पालिका एकता रथ यात्रा निकालेगी। यात्रा की शुरुआत शनिवार को रांदेर जोन से होगी और समापन 28 अक्टूबर को होगा।

विश्व की सबसे ऊंची 182 मीटर की सरदार पटेल की प्रतिमा स्टेच्यू ऑफ यूनिटी का 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवडिया में लोकार्पण करेंगे। स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के उद्घाटन के यादगार लम्हा बनाने और सरदार पटेल का संदेश लोगों तक पहुंचाने के लिए दक्षिण गुजरात में जगह-जगह एकता रथयात्रा निकाली जा रही हैं। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने शुक्रवार को बारडोली से यात्रा को रवाना किया। इसी क्रम में सूरत महानगर पालिका प्रशासन भी शहर में एकता रथयात्रा निकालने जा रहा है। शनिवार से शुरू होने वाली रथयात्रा का मकसद सरदार पटेल के जीवन से जुड़े प्रसंग लोगों तक पहुंचाना है।

एकता यात्रा शहर के सभी जोन में घूमेगी। यात्रा के दौरान सरदार पटेल के जीवन और उनके योगदान संबंधीत विषय पर निबंध स्पर्धा, प्रश्नोत्तरी स्पर्धा, चर्चा स्पर्धा का आयोजन होगा। सरदार पटेल पर आधारित कार्यक्रम दिखाए जाएंगे। इसके अलावा सरदार पटेल पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई जाएगी। इस मौके पर नाटक होंगे और लोक संस्कृति की झांकियां रखी जाएंगी। पहले यात्रा की आरती होगी और सरदार पटेल के दिखाए रास्ते पर चलने की शपथ लेंगे। उसके बाद यात्रा को रवाना किया जाएगा।
रांदेर से निकलेगी यात्रा

पहले दिन शनिवार को रांदेर जोन में यात्रा भ्रमण करेगी। राज्य सरकार में मंत्री और वराछा विधायक किशोर कानाणी सुबह नौ बजे रामजी मंदिर ओवारा अडाजण से यात्रा को रवाना करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम जहांगीरपुरा कम्युनिटी हॉल में होगा। 21 अक्टूबर को कतारगाम जोन में सिंगणपोर मल्टीपर्पज हॉल के पास से यात्रा रवाना होगी। कार्यक्रम का आयोजन कतारगाम स्पोट्र्स काम्प्लेक्स में होगा। 22 अक्टूबर को कतारगाम-वराछा जोन में यात्रा भ्रमण करेगी। इसे छापराभाठा से रवाना किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति उत्राण कम्युनिटी हाल में होगी। 23 और 24 अक्टूबर को यात्रा वराछा में घूमेगी। पहले दिन उमियाधाम मंदिर और दूसरे दिन सीमाणा में बापा सीताराम चौक से यात्रा को रवाना किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सरथाणा कम्युनिटी हॉल नाना वराछा और वराछा जोन ऑफिस में होगा। 25 अक्टूबर को सेंट्रल जोन में लालदरवाजा स्थित लीलाबा स्कूल से यात्रा को रवाना किया जाएगा। यहां रंग उपवन नाट्यगृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। लिंबायत जोन में 26 अक्टूबर को आइडियल स्कूल के पास से यात्रा को रवाना किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम भाठेना कम्युनिटी हॉल में होंगे। 27 अक्टूबर को उधना जोन में खटोदरा कम्युनिटी हॉल से यात्रा रवाना होगी और भेस्तान कम्युनिटी हॉल वेजिटेबल मार्केट भेस्तान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 28 अक्टूबर को अठवा जोन में यात्रा का भ्रमण होगा। बमरोली ब्रिज के अलथाण की ओर जाते रास्ते पर धीरज संस सर्कल के पास से यात्रा को रवाना किया जाएगा और सांस्कृतिक कार्यक्रम अठवा पार्टी प्लॉट पर होगा।