
सूरत.
नवरात्र में अवकाश को लेकर आखिरकार राज्य सरकार का फरमान निजी स्कूलों के आगे हवा हो गया। नौ दिनों के उत्सव से ठीक एक दिन पूर्व मंगलवार को अधिकांश निजी स्कूलों ने अभिभावकों को मोबाइल पर संदेश देकर स्पष्ट किया कि इस दौरान स्कूल यथावत खुलेंगे रहेंगे और विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू होगी। आपको बता दें कि सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2018-19 में १० से १८ अक्टूबर तक के लिए राज्य के सभी स्कूलों में छुट्टी करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद से बवाल मचा था। हालांकि इस दौरान सरकार ने दीपावाली की छुट्टियों को भी कम कर दिया था।
इस बीच, सूरत के निजी स्कूल संचालक मंडल ने सरकार के इस आदेश का पालन नहीं करने का फैसला किया। यह भी कहा कि 400 से अधिक निजी स्कूल नवरात्रि के दौरान खुले रहेंगे। सरकार ने इस आदेश की अनुपालना का जिम्मा जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपा है। ऐसे में बुधवार से नवरात्रि अवकाश शुरू होने पर क्या हालात बनते हैं इस पर सबकी नजर रहेगी?
अभिभावक हुए सबसे ज्यादा परेशान
सरकार और स्कूलों के बीच चल रहे विवाद का सबसे ज्यादा प्रतिफल यदि किसी को भुगतना पड़ा तो वे रहे बच्चों के अभिभावक। अवकाश होगा या नहीं इसे लेकर वे लगातार दुविधा में रहे। उन्हें मंगलवार शाम को संदेश से जानकारी मिली कि बुधवार से ज्यादातर स्कूल खुले रहेंगे। इस बीच शहर के कई स्कूलों ने सरकार के आदेश को समर्थन देकर अवकाश घोषित कर दिया तो बाकियों ने मना कर दिया। इससे भी अभिभावकों में ऊहापोह की स्थिति बनी रही।
स्कूलों के समय में किया बदलाव
जिन स्कूलों ने अवकाश नहीं देने का फैसला किया, उनमें कई स्कूलों ने समय में बदलाव कर दिया। स्कूल संचालकों ने साफ सूचना दी कि उनके स्कूलों में नवरात्रि अवकाश नहीं है।
स्कूलों में पढ़ाई जारी रहेगी
निजी स्कूल संचालक मंडल ने पहले ही तय कर रखा था कि नवरात्रि अवकाश नहीं दिया जाएगा, इसलिए 400 से अधिक स्कूल खूले रहेंगे। स्कूल के खिलाफ कार्रवाई हुई तो देखा जाएगा कि क्या करते हैं?
- महेश पटेल, प्रमुख, निजी स्कूल संचालक मंडल
--
सरकार को भेजी जाएगी रिपोर्ट
सभी स्कूलों पर नजर रखी जाएगी। कौनसे स्कूल आदेश का पालन कर रहे है और कौन से नहीं। जो स्कूल खूले रहेंगे उनकी रिपोर्ट सरकार को भेजी जाएगी। वहां से जो आदेश मिलेगा उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
यूएन राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी सूरत.