
सूरत.
सूरत में 1500 से अधिक जरी के कारखाने हैं। जरी कारखानों से लगभग 25 हजार लोगों को रोजगार मिलता है। सूरत में बनने वाली जरी एक समय में देश-विदेश में प्रख्यात थी। वर्तमान में जिस तरह कपड़ा उद्योग और हीरा उद्योग सूरत के अर्थतंत्र की धुरी माने जाते हैं, उसी तरह जरी उद्योग भी सूरत की पहचान था।
यहां बनी जरी मुस्लिम देशों में निर्यात की जाती थी, लेकिन समय के साथ धातुओं की बढ़ती कीमत और बदलते फैशन के कारण जरी उद्योग धीरे-धीरे समाप्त होता गया। असली जरी बनाने के लिए सोना, चांदी, तांबा सहित अन्य कई धातुओं का उपयोग होता है। पहले के समय में धातुओं की कीमत कम होने के कारण उद्यमी जरी बनाकर सरलता से बेच पाते थे, लेकिन जैसे-जैसे धातुओं की कीमत बढ़ी, वैसे-वैसे लोगों को जरी महंगी लगने लगी। लोग जरी के स्थान पर दूसरे कपड़ों को पसंद करने लगे। कुछ वर्षों पहले जरी के स्थान पर एम्ब्रोयडरी का चलन बढ़ गया। इससे जरी उद्योग को बड़ा झटका लगा है। सूरत में बनी जरी दक्षिण भारत में हैदराबाद, चेन्नई, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और दिल्ली, बनारस आदि स्थानों पर बिकती है, लेकिन इन दिनों जरी उद्यमी मुसीबत के दौर से गुजर रहे हैं। अन्य राज्यों में जरी की मांग घटने के कारण उन्हें पर्याप्त कीमत भी नहीं मिल पा रही।
जरी उद्योग के संगठन से जुड़े शांतिलाल जरीवाला ने बताया कि जरी उद्योग एक जमाने में सूरत की पहचान थी, लेकिन बदलते फैशन और धातुओं की बढ़ती कीमत के कारण जरी उद्योग अब सीमित हो गया है। जरी उद्यमी इन दिनों विपरीत परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।
जरी उद्योग में उभरी नई समस्या...
बदलते फैशन और जीएसटी से परेशान जरी उद्यमियों की समस्या में और इजाफा हुआ है। अब तक कई राज्यों में साडिय़ों में जरी का उपयोग किया जाता था, लेकिन अब उसके स्थान पर उद्यमियों ने विस्कोस यार्न का उपयोग शुरू कर दिया है। इससे जरी उद्यमियों की समस्या बढ़ गई है।
जरी उद्योग के सूत्रों के अनुसार बदलते फैशन के साथ महिलाओं में भी नए लुक और डिजाइन वाले कपड़ों का चलन बढ़ा है। पहले जिन साडिय़ों में जरी के धागों का इस्तेमाल होता था, अब वहां पर विस्कोस यार्न और रेशम के कपड़ों का उपयोग किया जाता है। इसका लुक जरी से अलग होता है। इस कारण महिलाओं को यह पसंद आ रहा है। फिलहाल 20 लाख मीटर कपड़ों पर विस्कोस यार्न का उपयोग किया जा रहा है। जरी के स्थान पर विस्कोस यार्न का उपयोग बढऩे से जरी उद्यमियों की दिक्कत बढ़ी है।