एल.पी.सवाणी इन्टरनेशनल स्कूल का मामला :स्कूल प्रशासन का फरमान: फीस रसीद दिखाने वाले अभिभावकों को ही मिलेगा परीक्षा परिणाम
सूरत. पाल रोड स्थित एल.पी.सवाणी इन्टरनेशनल स्कूल में शनिवार को अभिभावकों और स्कूल प्रशासन के बीच फीस के मामले को लेकर विवाद हो गया। स्कूल ने फीस नहीं जमा करवाने वाले अभिभावकों को बच्चों का परीक्षा परिणाम नहीं दिया। इससे नाराज अभिभावकों ने स्कूल में विरोध प्रदर्शन किया। मामला गंभीर होने पर पुलिस भी स्कूल पहुंच गई। अभिभावक स्कूल की शिकायत करने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे।
पाल रोड स्थित एल.पी.सवाणी स्कूल में शनिवार को नर्सरी और प्राथमिक कक्षा का परिणाम देने के लिए अभिभावकों को बुलाया गया था। बारी-बारी अभिभावकों को कक्षाओं में परिणाम देने के लिए बुलाया गया। अभिभावकों को पहले फीस भरने को कहा गया। फीस भरने के बाद ही उन्हें परिणाम देने की बात कही गई। स्कूल प्रशासन के इस रवैये से अभिभावक नाराज हो उठे। काफी देर से परिणाम के लिए स्कूल में इंतजार कर रहे नाराज अभिभावकों ने इसके बाद स्कूल में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
रसीद दिखाओ, परिणाम ले जाओ
अभिभावकों को स्कूल की ओर से कहा गया कि फीस की रसीद दिखाने पर परिणाम मिलेगा। स्कूल प्रशासन के इस रवैये से अभिभावकों का आक्रोश फूट पड़ा और सभी स्कूल के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
पुलिस भी पहुंची स्कूल
परिणाम लेने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पर एकत्र हुए थे। अभिभावकों का आक्रोश बढऩे पर पुलिस भी स्कूल पहुंच गई। पुलिस ने अभिभावकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका आक्रोश शांत नहीं हो रहा था।
डीईओ कार्यालय पहुंचे अभिभावक
स्कूल के खिलाफ शिकायत करने बड़ी संख्या में अभिभावक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर पहुंचे। शनिवार को हनुमान जयंती होने पर अभिभावकों ने रामधुन और हनुमान चालीसा गाकर विरोध जताया। अभिभावक स्कूल प्रशासन के साथ जिला शिक्षा अधिकारी से भी नाराज हंै। फीस के कारण कई स्कूलों ने बच्चों के परिणाम रोक रखे हैं। इस मामले में कई शिकायतें हुई हैं, लेकिन अभी तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिला शिक्षा अधिकारी के कार्य से भी अभिभावक खफा हैं।