29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

FEE ISSUE : अभिभावकों ने स्कूल के बाहर किया विरोध प्रदर्शन

वेसू स्थित एस.डी.जैन स्कूल में फीस का मामला, - डीपीओ का ऑडियो वायरल, शिकायत पर डीपीओ ने कहा कि वह कार्यक्रम में व्यस्त

2 min read
Google source verification
surat photo

सूरत. शहर में स्कूल फीस को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को वेसू स्थित एस.डी.जैन स्कूल के बाहर अभिभावकों ने विरोध प्रदर्शन किया। फीस नहीं जमा करने पर स्कूल ने विद्यार्थियों का परिणाम रोक लिया है। इससे नाराज अभिभावकों ने स्कूल के बाहर नारेबाजी की। स्कूल की ओर से अभिभावकों को रोकने का प्रयास किया गया। वहीं, अभिभावकों ने स्कूल में प्रवेश करने की कोशिश की। मामले को शांत करने के लिए मौके पर पुलिस भी पहुंची।
स्कूल फीस का विवाद अब और भी अधिक गंभीर रुप धारण करता जा रहा है। एस.डी.जैन स्कूल के अभिभावकों ने शनिवार को स्कूल के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि स्कूल ने विद्यार्थियों का परिणाम रोक दिया है। फीस जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है। फीस जमा नहीं की तो विद्यार्थी को आगे की कक्षा में प्रवेश देने से मना किया गया है। स्कूल के इस कड़े कदम के खिलाफ अभिभावक एकत्रित हुए और नारेबाजी की। अभिभावकों को स्कूल में प्रवेश करने से भी रोका गया। इस पर अभिभावक और भी अधिक नाराज हो उठे। अभिभावकों ने सरकार और एफआरसी के प्रति भी नाराजगी जताई है। अभिभावकों का कहना है कि फीस का विवाद काफी समय से चल रहा है। सरकार और एफआरसी कोई कड़े कदम नहीं उठा रही है। मात्र आश्वासन ही दिए जा रहे हैं। इसका स्कूल संचालक लाभ उठा रहे हैं। मामला गंभीर रूप धारण करने पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करने का प्रयास किया।

परिणाम नहीं दिया अभिभावकों को
ऐसा ही मामला शहर की दांडी रोड स्थित एशियाटिक स्कूल में भी बना था। स्कूल ने परिणाम देने से इनकार कर दिया। अभिभावकों ने इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी व डीपीओ को संपर्क किया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर भी कोई भी स्कूल पर जांच के लिए नहीं पहुंचा।

डीपीओ का ऑडियो हुआ वायरल
एक अभिभावक ने स्कूल के खिलाफ डीपीओ को फोन किया। अभिभावक ने आरोप लगाया कि जब स्कूल में हंगामा चल रहा था, तो डीपीओ को फोन पर शिकायत की गई। परिणाम नहीं देने की बात कहीं गई। इस पर डीपीओ ने कहा कि वह किसी कार्यक्रम में हैं, बाद में इस मुद्दे पर बात करेंगे। डीपीओ के इस जवाब से अभिभावक मायूस हो गए। अभिभावक ने डीपीओ का यह ऑडियो रिकॉर्ड किया और इसे वायरल कर दिया।