
वापी. सैकन्ड फेज स्थित सेटको कंपनी में शनिवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग को काबू करने के लिए जिले भर से दमकल गाडिय़ों को बुलानी पड़ी। ज्वलनशील केमिकल द्रव्यों के कारण पर आग काबू पाने में दमकल को खासी मुश्किल आई। समाचार लिखे जाने तक भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका था और दमकल की गाडिय़ां मौके पर ही थीं।
जानकारी के अनुसार शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक आग लगी थी। इस कंपनी में स्याही का उत्पादन होता है। जिसे बनाने के लिए कंपनी में रखे केमिकल पदार्थों के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पाकर कंपनी से कुछ मीटर की दूरी पर स्थित नोटिफाइड की दमकल गाडिय़ां पहुंचती उससे पहले ही आग बेकाबू हो चुकी थी। दमकल कर्मियों के प्रयास के बाद भी पूरी कंपनी आग की चपेट में आ गई। हालात बिगड़ते देख वापी के अलावा सरीगाम, पारडी, वलसाड, भिलाड, वापी नपा, दमण, सिलवासा की दमकल गाडिय़ों को मौके पर बुलाना पड़ा। कई बड़ी कंपनियों ने भी अपनी दमकल टीम मौके पर भेजीं। सूचना पाकर मामलतदार, जीआईडीसी पुलिस, वापी इमरजन्सी कंट्रोल टीम, जीआईडीसी अधिकारियों का काफिला पहुंच गया था। आग लगने के कारण कंपनी में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के सुरक्षित भाग निकले। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू के प्रयास किए जा रहे थे।
बंद करना पड़ा मार्ग, अफरा तफरी मची
आग इतनी भयानक थी कि कंपनी में रखे केमिकल ड्रम भी फटने लगे थे। यह देख आसपास की कई कंपनियों में भी भय और अफरा-तफरी मच गई थी। जिसे देखते हुए पुलिस ने कंपनी की ओर जाने वाले मार्ग को दोनों तरफ से बंद कर दिया था। कंपनी में आग लगने की जानकारी पाकर यहां काम करने वाले कई लोगों के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए थे। अफरा-तफरी और भगदड़ के कारण संपर्क न होने से चिंता देखी गई। वहां पहुंची एक महिला ने बताया कि वह काफी देर से मोबाइल पर संपर्क कर रही है, लेकिन घंटी बजने के बाद भी पति से बात नहीं हो पा रही है। पुलिस लगातार लोगों को घटना स्थल से दूर करने में लगी रही।