सूरत

फायरिंग की वारदात ने खोली सूरत स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम की पोल

रोज करोड़ रुपए कमाने वाले स्टेशन पर न मेटल डिटेक्टर, न स्केनर, तमंचा लेकर कैसे पहुंचा आरोपी?रेलवे पुलिस अधीक्षक की रेलवे सुरक्षा बल के साथ बैठक, आरोपी की खोज में जुटीं टीमें
3 min read
• •
Updated: 15 Sep 2018, 8:00 AM IST
surat photo
फायरिंग की वारदात ने खोली सूरत स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम की पोल

सूरत.

सूरत रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम रणकपुर एक्सप्रेस से उतरे यात्री पर हुई फायरिंग की घटना ने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। हथियार के साथ हमलावर प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पहुंचा और फायरिंग के बाद फरार हो गया। रोज एक करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई करने वाले स्टेशन पर न मेटल डिटेक्टर हैं और न ही स्केनर। शुक्रवार को रेलवे पुलिस के अधीक्षक ने स्टेशन का दौरा कर रेलवे सुरक्षा बल के साथ बैठक की। रेलवे पुलिस की तीन टीमें तथा सिटी पुलिस की विशेष शाखा आरोपी की खोज में जगह-जगह छापे की कार्रवाई में जुटी हैं।


लिम्बायत में पद्मावती सोसायटी निवासी मोहम्मद यूसुफ इशरत खान (२३) गुरुवार को बान्द्रा टर्मिनस-बीकानेर रणकपुर एक्सप्रेस से उतरने के बाद बाहर निकल रहा था, तभी आरोपी शिबु उर्फ टाइगर पुरानी रंजिश को लेकर तमंचे से दो राउंड फायरिंग कर फरार हो गया। घायल यूसुफ को एप्पल अस्पताल में भर्ती कराया गया। रेलवे पुलिस के अधीक्षक के.एन. डामोर तथा वड़ोदरा एलसीबी निरीक्षक एस.जे. राजपूत शुक्रवार सुबह दस बजे सूरत स्टेशन पहुंचे। उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या एक पर फायरिंग स्थल का निरीक्षण किया। पार्सल कार्यालय, प्लेटफॉर्म संख्या दो-तीन और चार का भी निरीक्षण किया गया। बाद में रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।

इसमें रेलवे सुरक्षा बल के एएससी राकेश पांडेय, रेलवे सुरक्षा बल थाना निरीक्षक ईश्वर सिंह यादव, क्राइम ब्रांच शाखा के निरीक्षक अरुण कुमार, रेलवे पुलिस निरीक्षक एम.एस. बोदर, रेलवे सुरक्षा बल इंटेलीजेंस विभाग के निरीक्षक नाथूराम जाट समेत अन्य स्थानीय अधिकारी मौजूद थे। बैठक में आरोपी को गिरफ्तार करने तथा फिर ऐसी घटना न हो, इसके लिए योजना बनाई गई। रेलवे पुलिस निरीक्षक एम.एस. बोदर ने पत्रिका को बताया कि सूरत रेलवे पुलिस, एलसीबी तथा वड़ोदरा एलसीबी पुलिस की टीमें आरोपी की खोज में जुटी हैं। इसके अलावा सिटी पुलिस की विशेष शाखा डीसीबी, एसओजी और लिम्बायत पुलिस की टीम भी आरोपी को पकडऩे के लिए जगह-जगह छापे की कार्रवाई कर रही है।


सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने से परेशानी
सूरत स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर पुराने पार्सल कार्यालय के नजदीक जहां फायरिंग की घटना हुई, वहां आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं है। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने काफी देर तक फुटेज खंगाले, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। रेलवे सुरक्षा बल के एएससी राकेश पांडेय ने बताया कि स्टेशन परिसर में 33 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। स्टेशन पर 80 सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रपोजल मुम्बई मंडल को भेजा गया है। साथ ही प्लेटफॉर्म के दोनों छोर पर उधना तथा वड़ोदरा की ओर दीवार बनाने का प्रपोजल भी भेज रखा है। दोनों प्रपोजल पाइपलाइन में हंै।


टूटी दीवार के रास्ते भागा हमलावर
फायरिंग के बाद हमलावर सुमुल डेयरी रोड की ओर टूटी दीवार के रास्ते से भागा था। सूत्रों ने बताया कि हमलावर उसी रास्ते से सूरत स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर आया था। स्टेशन परिसर में घूमने वाले रेलवे सुरक्षा बल तथा रेलवे पुलिस के किसी जवान को यह हमलावर दिखाई नहीं दिया। हमलावर के पास एक तमंचा होने की आशंका जताई जा रही है।


सुरक्षा साधनों की भारी कमी
मुम्बई स्टेशन पर 2008 में हुए आतंकवादी हमले के बाद भी स्टेशनों की सुरक्षा पुख्ता करने के ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। मुम्बई-नई दिल्ली और अहमदाबाद रूट पर सूरत महत्वपूर्ण स्टेशनों में से एक है। मुम्बई रेल मंडल में मुम्बई के बाद आय के मामले में सूरत दूसरे नम्बर पर आता है। इसके बावजूद यहां यात्रियों की सुरक्षा राम भरोसे है। स्टेशन पर मेटल डिटेक्टर डोर तक नहीं हैं। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के हाथ में हैंड मेटल डिटेक्टर कभी-कभी ही दिखाई देते हैं। यात्रियों के सामान की जांच के लिए एक स्केनर एक दिन पहले ही सूरत पहुंचा है, लेकिन इसे लगाने की जगह तय नहीं हो पाई है।

Published on: