सूरत

सूरत एक किशोर ने बर्थ डे पार्टी के बाद किया कुछ ऐसा की पढक़र..चौंक जायेंगे

- एक ही रात में पांच वारदातें कर मनाया जन्म दिन- राहगीरों पर चाकू से हमला कर लूटने वाले बाइकर्स गिरोह के किशोर समेत छह जनों को पकड़ा
2 min read
Nov 25, 2018
patrika
सूरत एक किशोर ने बर्थ डे पार्टी के बाद किया कुछ ऐसा की पढक़र..चौंक जायेंगे

सूरत. आपने दान पुण्य कर जन्म दिन मनाने के किस्से तो बहुत सुने होंगे लेकिन सूरत में किशोर ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर एक ही रात में वारदातों को अंजाम देकर अपना जन्म दिन मनाया। आरोपित किशोर ने अपने पांच साथियों के साथ मिल कर चार जनों पर चाकू से हमला किया और उनसे मोबाइल व नकदी लूटी। इतना ही नहीं उन्होंने एक मोटरसाकिल भी चुराई। लेकिन दो दिन की मशक्कत के बाद आखिरकार क्राइम ब्रांच ने बाइकर्स गिरोह के इस किशोर और उसके पांच साथियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनसे नकदी समेत १.१३ लाख रुपए का सामान भी बरामद किया है।


क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक गुरुवार को आरोपित किशोर का जन्म दिन था। बुधवार मध्यरात्रि सभी जन्मदिन की पार्टी के लिए एकत्र हुए और पार्टी के बाद एक मोटरसाइकिल तथा स्कूटर पर तीन-तीन जने सवार होकर राहगीरों को लूटने निकले। उन्होंने बमरोली खाड़ीपुल पर एक खमण विक्रेता और रिक्शा चालक पर चाकू से हमला कर मोबाइल लूटे। उसके बाद अणुव्रत द्वार के निकट व्यापारी पर हमला कर १२ हजार रुपए लूटे। फिर हलपतिवास में एक युवक को रोक कर कपड़ों से भरा बैग लूटा। भटार रोड पर ममता क्लीनिक के निकट एक जने से ३५०० रुपए और मोबाइल लूटा।

स्कूटर का पेट्रोल खत्म हो जाने पर उन्होंने खोडियारनगर सोसायटी से एक मोटर साइकिल चुराई और लूट का माल आपस में बांट कर भाग गए। गुरुवार को एक के बाद एक पांचों घटनाएं सामने आने पर खटोदरा पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच भी आरोपितों की खोज में जुट गई। क्राइम ब्रांच ने विभिन्न स्थानों से सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य सुरागों के आधार पर उनकी पहचान की और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार देर रात पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। किशोर को हिरासत में लिया गया है।


यह हैं आरोपित


सचिन दुर्गा सोसायटी निवासी विशाल ठाकुर उर्फ तावड़े (19), पांडेसरा हरिओम सोसायटी निवासी मनीष सिंह राजूपत उर्फ अतुल (19), अलथाण-भीमराड रोड इको प्वॉइंट निवासी सत्यम पांडे (19), पांडेसरा छत्रपति शिवाजीनगर निवासी सोनू कुर्मी पटेल उर्फ चाटू (21), पांडेसरा सुखीनगर सोसायटी निवासी राज राजपूत उर्फ देवा (19), सत्रह वर्षीय किशोर।


यह हुआ बरामद


पुलिस ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से लूटे गए १३ हजार १०० रुपए, दो मोबाइल फोन, चुराई गई मोटर साकिल समेत ५३ हजार १०० रुपए का सामान बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटर साइकिल और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

Published on:
25 Nov 2018 12:26 pm