
ट्रेन। फाइल फोटो- पत्रिका
सूरत। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न गंतव्यों के लिए विशेष किराए पर तीन नई स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इसके साथ ही यात्रियों की सहूलियत के लिए दादर-भुसावल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि स्पेशल ट्रेनों के शुरू होने से त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में राहत होगी।
मुंबई सेंट्रल-धौलपुर-मुंबई सेंट्रल स्पेशल ट्रेन (09007/09008) के 4 फेरे होंगे। ट्रेन संख्या 09007, 2 व 6 अक्टूबर को मुंबई सेंट्रल से सुबह 10.30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10.10 बजे धौलपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09008 धौलपुर से 03 व 07 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 4.30 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। बांद्रा टर्मिनस-धौलपुर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल (09023/09024) के 2 फेरे होंगे। ट्रेन संख्या 09023 बांद्रा टर्मिनस से 7 अक्टूबर को सुबह 11 बजे चलकर अगले दिन सुबह 10.10 बजे धौलपुर पहुंचेगी।
ट्रेन सं. 09024 धौलपुर से 08 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे चलकर अगले दिन शाम 4.10 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। उधना-कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल (04168/04167) के 18 फेरे होंगे। ट्रेन सं. 04168 उधना से 03 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार रात 11.25 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 10.10 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 04167 कानपुर सेंट्रल से 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 9.40 बजे उधना पहुंचेगी।
यात्रियों की भीड़ को समायोजित करने के लिए रेलवे ने ट्रेन संख्या 09049/09050 दादर-भुसावल साप्ताहिक स्पेशल के परिचालन को 27 नवंबर 2026 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। विस्तारित फेरों के लिए टिकटों की ऑनलाइन व काउंटर बुकिंग 29 सितंबर 2026 से आइआरसीटीसी वेबसाइट और सभी रिजर्वेशन काउंटरों पर शुरू होगी।
वहीं दूसरी तरफ भारतीय रेल ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच सप्ताह में तीन बार चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मंजूरी दे दी है। यह रेल सेवा सप्ताह में 3 दिन चलेगी। अहमदाबाद के मण्डल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि यह नई रेल सेवा 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के महत्वपूर्ण स्थलों को जोड़ेगी।
Updated on:
28 Sept 2026 09:37 pm
Published on:
28 Sept 2026 09:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
