सूरत

तीसरे दिन बप्पा ने ली विदाई

नदी-समुद्र में धूमधाम से हुआ गणपति का विसर्जन
2 min read
Sep 15, 2018
patrika
तीसरे दिन बप्पा ने ली विदाई

वलसाड. शहर में गुरुवार को गणपति बप्पा की स्थापना करने के बाद शनिवार को लोगों ने तीन दिनों के गणपति बप्पा का विसर्जन शोभायात्रा निकालकर किया।

जानकारी के अनुसार गुरुवार से शुरु हुए गणेश महोत्सव के बाद से लोग गणपति बप्पा की भक्ति मे डूबे हैं। इसके तहत सैकड़ों लोगों ने तीन दिन के गणपति बप्पा का विसर्जन शनिवार को किया। औरंगा नदी पर घरों में विराजित व छोटे गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। तिथल और कोसंबा गांव के लोगों ने समुद्र में विघ्नहर्ता का विसर्जन किया। अतुल में भी सैकड़ों मूर्तियों का विसर्जन पार नदी में किया गया।

श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा लेकर मूर्तियों को विसर्जन तट पर लेकर पहुंचे थे। नदी किनारे मौजूद दमकल कर्मियों ने नदी के पानी मे मूर्तियों को प्रवाहित किया और अन्य लोगों को पानी में न उतरने की सलाह दी। धरमपुर में स्वर्ग वाहिनी नदी में गणेश जी का विसर्जन किया गया। यहां कई सेवाभावी संस्थाओं से जुड़े लोगों ने मौजूद रहकर इस कार्य में सहयोग किया। दूसरी तरफ महोत्सव के अंतर्गत पुलिस ने भी पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।

नदी तटों पर किया पूजन

वापी. तीन दिन के गणपति बप्पा का शनिवार को धूमधाम के साथ विसर्जन किया गया। इस मौके पर दमण गंगा नदी, कोलक में सैकड़ों छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। जानकारी के अनुसार दोपहर बाद से गणपति बप्पा की विसर्जन यात्रा शुरु हुई। नाचते गाते श्रद्धालु विसर्जन स्थल तक गणपति बप्पा को लेकर गए। इस बार भी दमण गंगा नदी तट पर कृत्रिम तालाब बनाया गया है, जहां छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। तीसरे दिन दमण गंगा नदी, मोराई के पास कोलक नदी, हरिया पार्क समेत अन्य स्थानों पर चार सौ से ज्यादा मूर्तियों का विसर्जन किया गया। गणपति का विसर्जन करने से पहले नदी तटों पर आरती व पूजन किया गया और उन्हें अगले साल फिर से आने का न्योता देकर पानी में प्रवाहित किया।

Published on:
15 Sept 2018 08:55 pm