सूरत

शिवालयों में गूंजा शिव भोला भंडारी

पार्थिव शिवलिंग पूजन का दौर
2 min read
• •
Updated: 6 Aug 2018, 10:36 PM IST
file
शिवालयों में गूंजा शिव भोला भंडारी

सूरत.

पवित्र श्रावण में शिवभक्ति सोमवार को और बढ़ गई। शिवालयों में भगवान महादेव के प्रति श्रद्धा, भक्ति और आराधना की त्रिवेणी शहर में जगह-जगह बहती दिखी। पार्थिव शिवलिंग पूजन के विशेष आयोजन भी किए गए।
श्रावण कृष्ण प्रतिपदा से शहर में बसे उत्तर भारतीय श्रद्धालुओं ने शिव आराधना शुरू कर दी थी। शिवालयों में जलाभिषेक के अलावा रुद्राभिषेक, सहस्रघट, कांवड़ यात्रा जैसे कई कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू किया गया। सोमवार को शिवालयों में जगह-जगह श्रद्धालुओं की कतार देखने को मिली। कई संघ और मंडलों की ओर से कांवड़ यात्रा आयोजित की गई। यात्रा में शामिल कांवडि़ए तापी और नर्मदा का जल कांवड़ में भरकर शहर के विभिन्न शिवालय पहुंचे और जलाभिषेक किया।
गूंजता है ऊं नम: शिवाय
श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम में श्रावण मास के उपलक्ष में हजारों पार्थिव शिवलिंग का पूजन ऊं नम: शिवाय जाप के साथ श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से किया जा रहा है। ट्रस्ट के मुताबिक प्रतिदिन कई यजमान चार हजार से ज्यादा पार्थिव शिवलिंग का सुबह-शाम पूजन करते हैं। पार्थिव शिवलिंग का रोजाना निर्माण और विसर्जन किया जाता है। श्रावण मास के उपलक्ष में मंदिर प्रांगण में हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ का आयोजन भी किया जा रहा है।
नर्मदा तट पर भी पूजन
नर्मदा के तट पर करनाली तीर्थ क्षेत्र में प्राचीन नर्मदा माता मंदिर में चातुर्मास कर रहे स्वामी विजयानंददास महाराज के सानिध्य में पार्थिव शिवलिंग पूजन-अर्चन का आयोजन जारी है। महाराज ने बताया कि मां नर्मदे के तट पर पार्थिव शिवलिंग का कोटि फलदायक महत्व है। तट पर इन दिनों पार्थिव शिवलिंग के पूजन-अर्चन के दौरान बिल्वपत्र और अन्य पुष्प से शृंगार, रुद्राभिषेक, आरती समेत अन्य आयोजन करनाली तीर्थ क्षेत्र में किए जा रहे है।

कांवड़ यात्रा 12 को
सूरत. श्रीरामायण प्रचार मण्डल, उधना की ओर से छठी कांवड़ पदयात्रा का आयोजन 12 अगस्त को किया जाएगा। यात्रा में शामिल कांवडि़ए तड़के साढ़े चार बजे उधना में श्रीहरिहर महादेव मंदिर से नानपुरा में तापी नदी के नावड़ी घाट के लिए रवाना होंगे। वहां से कांवड़ में जल भरकर कांवडि़ए नाचते-गाते उधना के श्रीहरिहर महादेव मंदिर पहुंचेंगे और जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद 14 अगस्त को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।

गूंजेगा बोल बम
श्रीमेहंदीपुर बालाजी मंदिर धाम कावड़ संघ की ओर से कांवड़ यात्रा का 10वां आयोजन 19 अगस्त को किया जाएगा। संघ की कांवड़ यात्रा सुबह सवा छह बजे नानपुरा में तापी नदी के नावड़ी घाट से रवाना होगी और विभिन्न मार्गों से होकर न्यू सिटीलाइट में श्रीमेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचेगी। यहां महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।

मनाएंगे हिंडोला उत्सव
सूरत. सावन मास के उपलक्ष में श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से 12 अगस्त को श्रीश्याम मंदिर, सूरतधाम के लखदातार हॉल में हिंडोला उत्सव का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रकाश तोदी ने बताया कि ट्रस्ट की महिला सदस्यों द्वारा हिंडोला उत्सव में सावन का झूला लगाया जाएगा। उत्सव में भजन-कीर्तन के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ट्रस्ट के सचिव सुशील गाडोदिया ने बताया कि हिंडोला उत्सव के मौके पर बाबा श्याम, सालासर दरबार एवं शिव परिवार का विशेष शृंगार किया जाएगा एवं मंदिर प्रांगण को वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर के समान फूलबंगला के रूप में सजाया जाएगा। उत्सव में महिलाओं द्वारा लोकनृत्य, घूमर, पारम्परिक वेशभूषा आदि के आयोजन भी होंगे।

कलक्टर को ज्ञापन
महेसाणा के खेरपुर गांव के गौरक्षक राजू रबारी की हत्या के मामले में सूरत की गौपालक रचनात्मक समिति की ओर से सोमवार को कलक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने राजू रबारी की हत्या करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।

Published on:
Also Read
View All