सूरत

सेवा सेतु में गैस कनेक्शन का वितरण

लोगों को एलपीजी सुरक्षा और एलपीजी पंचायत के बारे में जानकारी दी
2 min read
Sep 15, 2018
patrika
सेवा सेतु में गैस कनेक्शन का वितरण

वापी. तहसील के वटार गांव में शनिवार को आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम में वापी गैस कंपनी द्वारा गैस के 22 नए कनेक्शन का वितरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित मामलतदार एसडी पटेल, नायब मामलतदार प्रणव बारोट, तालुका विकास अधिकारी श्रीमती ताराबेन, तालुका पंचायत सदस्य केतन पटेल, सरपंच रमीला बेन समेत ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस दौरान निशांत लाड ने उपस्थित लोगों को एलपीजी सुरक्षा और एलपीजी पंचायत के बारे में जानकारी दी।

वापी ग्रीन एन्वायरो कंपनी के लिए 14 लोगों का नामांकन

वापी ग्रीन एन्वायरो कंपनी के चार निदेशकों के 29 सितंबर को होने वाली चुनाव के लिए दोनों गुटों की ओर कुल 14 लोगों ने नामांकन किया है। दोनों तरफ से सात-सात उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन के दौरान कुछ देर के लिए दोनों पक्षों में गहमा गहमी भी रही। जानकारी के अनुसार चार पदों के लिए महेश पंड्या, अशोक शुक्ला, विनोद मेहरा, सुरेश पटेल, चंद्राकांत पंड्या, जगदीश परमार, चैतन्य भट्ट, चेतन पटेल, एसएस सरना, राजूल शाह, मगन सावलिया, कृष्णन हेबले, प्रभाकर बोराले और कल्पेश वोरा ने नामांकन किया है। 21 सितंबर को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन है। उल्लेखनीय है कि वापी ग्रीन एन्वायरो कंपनी सीईटीपी का संचालन करती है। गत दो टर्म से वीआईए के दो गुटों के बीच चुनाव संघर्षपूर्ण हो रहा है। इस बार भी चुनाव में यही स्थिति बनने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

हरियाणा से आ रही 32.14 लाख रुपए की शराब जब्त

नवसारी. सूरत आरआर सेल ने मुखबिर की सूचना पर राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर उन गांव के पास से टैम्पो मे आ रही शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा से लाई जा रही थी और इसकी कीमत 32.14 लाख रुपए बताई गई है। बताया गया है कि पेट्रोलिंग के दौरान शुक्रवार रात आरआर सेल को इस बारे में सूचना मिली थी। जिसके बाद उन गांव के पास आरआर सेल ने निगरानी बढ़ा दी। कुछ देर बाद सूचना वाला टैम्पो आने पर पुलिस टीम ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान टैम्पो से 32.14 लाख रुपए कीमत की 5700 बोतल शराब बरामद हुई। टैम्पो चालक हरियाणा के भिवानी निवासी राजकुमार अशोककुमार जाट को गिरफ्तार कर पूछताछ में पता चला कि शराब की यह खेप गुडग़ांव से आ रही थी। मौके से टैम्पो, मोबाइल व सात हजार नगद समेत अन्य माल सामान जब्त कर आरआर सेल ने ग्रामीण थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

Updated on:
15 Sept 2018 09:36 pm
Published on:
15 Sept 2018 09:36 pm