सूरत

ऐसे हालात में कैसे मनाएंगे छठ पूजा

घाट पर गंदगी
2 min read
Nov 11, 2018
patrika
ऐसे हालात में कैसे मनाएंगे छठ पूजा

सूरत. लोकपर्व छठ पूजा की शुरुआत रविवार को नहाय-खाय के साथ हो जाएगी। इस दौरान सूरत समेत आसपास के इलाके में बसे बिहार व पूर्वी यूपी के हजारों लोग चार दिवसीय महापर्व में व्यस्त हो जाएंगे। उधर, महापर्व के सिलसिले में शहर में नानपुरा, वेडरोड, डिंडोली समेत अन्य नदी व तालाब किनारों पर तैयारियां जारी है।
दीपावली के चार दिन बाद छठ महापर्व की शुरुआत रविवार को नहाय-खाय के साथ की जाएगी और इस मौके पर 36 घंटे के निर्जला व्रत करने वाले व्रतियों के घरों में विशेष तैयारियां की जाएगी। 36 घंटे का निर्जला उपवास सोमवार से शुरू होगा। इसके बाद 13 नवम्बर को कार्तिक शुक्ल षष्ठी के मौके पर मंगलवार को हजारों महिला-पुरुष श्रद्धालु डिंडोली के छठ सरोवर, तापी नदी के नावड़ी घाट, पार्ले पोइंट में अंबिकानिकेतन घाट, वेडरोड पर वियर-कम-कॉजवे समेत अन्य स्थलों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य देंगे। इसके अगले दिन बुधवार को सप्तमी के अवसर पर श्रद्धालु उदीयमान सूर्य को अघ्र्य देंगे और चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।


मुख्य घाट की दुर्दशा


नानपुरा में तापी नदी के मुख्य नावड़ी घाट पर छठ महापर्व की पूजा के एक दिन पहले तक गंदगी जहां-तहां बिखरी पड़ी है। घाट पर श्रीछठ पूजा सेवा समिति गत 36 वर्षों से चार दिवसीय महोत्सव मना रही है। समिति के अध्यक्ष जीवनप्रसाद सर्राफ ने बताया कि घाट की साफ-सफाई के लिए महानगरपालिका प्रशासन समेत सांसद-विधायक को भी जानकारी दी गई है।


तैयारियां जारी


बिहार विकास परिषद की ओर से छठ महापर्व के आयोजन स्थल जहांगीरपुरा में इस्कॉन मंदिर घाट पर विभिन्न तैयारियां जोर-शोर से जारी है। यहां पर परिषद ने प्रशासनिक सहयोग से घाट पर साफ-सफाई, प्लेटफार्म, रोशनी, पानी समेत अन्य व्यवस्था की जा रही है। वहीं, डिंडोली के छठ सरोवर में श्रीछठ मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से तथा वेडरोड के वियर-कम-कॉजवे पर बिहार विकास मंडल की ओर से महापर्व का आयोजन किया जाएगा।

Published on:
11 Nov 2018 06:24 pm