सूरत

Wife Murder Case: मुंबई से भागकर अहमदाबाद जा रहा था पत्नी का कातिल, सूरत जीआरपी-एसओजी ने प्लेटफॉर्म पर दबोचा

Patan Murder Case: पाटन के एक गेस्ट हाउस में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को सूरत रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पत्नी पर प्रेम संबंध का शक होने पर गला दबाकर उसकी हत्या की थी।
2 min read
Jul 20, 2026
Patan Murder Case
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। फोटो- पत्रिका

सूरत। संदेह और गुस्से में आकर जीवनसंगिनी की जान लेने वाले एक पति को सूरत रेलवे पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार को फिल्मी अंदाज में दबोच लिया। आरोपी मुंबई से सयाजीनगरी एक्सप्रेस के जरिए अहमदाबाद भागने की फिराक में था, लेकिन पाटन लोकल क्राइम ब्रांच के इनपुट ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

प्रेम संबंध होने का शक

जानकारी के अनुसार पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त संजय अरविंदभाई परमार (29) के रूप में हुई है, जो प्रतापनगर, अहमदाबाद का निवासी है। वह पाटन सिटी ‘ए’ डिवीजन पुलिस थाने में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है। संजय को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध होने का शक था, जिसे लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था।

गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतारा

गत 17 जुलाई को इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पाटन के एक गेस्ट हाउस में रुके थे। वहां बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने संजय को एक थप्पड़ जड़ दिया। इस मामूली बात पर आपा खोकर संजय ने अपनी ही पत्नी का गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया और वहां से भागकर मुंबई छिप गया। पाटन एलसीबी को सूचना मिली थी कि आरोपी मुंबई से सयाजीनगरी एक्सप्रेस में सवार होकर अहमदाबाद की तरफ आ रहा है।

आरोपी को पाटन एलसीबी के हवाले किया

यह सूचना तुरंत सूरत जीआरपी और एसओजी टीम से साझा की गई। ट्रेन जैसे ही सूरत स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-एक पर पहुंची तभी सर्विलांस स्टाफ ने जाल बिछाकर संदिग्ध को पहचान लिया और उसे धर दबोचा। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को पाटन एलसीबी के हवाले कर दिया गया है।

बता दें कि पाटन के एक गेस्ट हाउस में अज्ञात महिला का शव मिला था। हालांकि पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद जांच की दिशा बदल गई थी। दरअसल रिपोर्ट में दबा दबाकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ था। पुलिस ने बताया था कि एक महिला दो व्यक्तियों के साथ रिक्शा से होटल पहुंची थी। बाद में होटल के कमरे में महिला की लाश मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के साथ दोनों व्यक्तियों की पहचान की तो एक उसका पति निकला था।

Updated on:
20 Jul 2026 09:39 pm
Published on:
20 Jul 2026 09:39 pm