21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

Maharashtra Murder: बाथरूम में खुले नल के नीचे मिली लाश, मर्डर केस में अब सामने आया पति-पत्नी और ‘वो’ एंगल

Thane Murder Case: ठाणे के डोंबिवली में किराए के फ्लैट से एक व्यक्ति का शव मिलने के बाद हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस महिला, उसके पति और वॉइस मैसेज के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
2 min read
Google source verification
Thane flat murder

प्रतीकात्मक तस्वीर

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली इलाके में एक महिला और उसके पति पर महिला के प्रेमी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस को एक फ्लैट से करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला है। घटना के बाद दंपती फरार है और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार मामला तब सामने आया, जब डोंबिवली के मानपाडा इलाके में स्थित फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी।

फ्लैट से आ रही थी बदबू

फ्लैट पिछले चार दिनों से बंद था। बदबू तेज होने पर मकान मालिक को शक हुआ और उसने किराएदार से संपर्क करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि फोन करने पर किराएदार की पत्नी ने मकान मालिक को एक वॉइस मैसेज भेजा। इसमें उसने कथित तौर पर कहा कि उसका प्रेमी उसे लगातार परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर उसने अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। यह वॉइस मैसेज मिलने के बाद मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस को मिला सड़ा-गला शव

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। कमरे के भीतर बाथरूम में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। शव की हालत ऐसी थी कि माना जा रहा है कि उसकी मौत कई दिन पहले हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस उसकी पहचान की पुष्टि करने और हत्या के कारणों की पूरी जानकारी जुटाने में लगी है। फ्लैट और आसपास के इलाके से भी सबूत जुटाए गए।

धारदार हथियार से हमला

तलाशी के दौरान बाथरूम में एक बोरे के अंदर शव मिला था। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया था। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद बाथरूम का नल जानबूझकर खुला छोड़ दिया गया था, ताकि खून के निशान और अन्य सबूत मिटाए जा सकें। इसी वजह से पानी रिसता रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोलकाता भागने की आशंका

जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद महिला कोलकाता भाग गई। उसकी तलाश के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें कोलकाता भेजी गई हैं। दोनों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस वॉइस मैसेज, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।