सूरत

अपराधों की रोकथाम के लिए आरपीएफ थाना निरीक्षकों को दिए जरूरी निर्देश

रेलवे सुरक्षा बल के आइजी की सूरत, उधना, वापी, वलसाड, नंदुरबार, अंकलेश्वर के निरीक्षकों के साथ बैठक
2 min read
• •
Aug 30, 2018
surat photo
अपराधों की रोकथाम के लिए आरपीएफ थाना निरीक्षकों को दिए जरूरी निर्देश

सूरत.

पश्चिम रेलवे में रेलवे सुरक्षा बल के आइजी ने गुरुवार को सूरत में अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान थाना निरीक्षकों को जवानों के साथ अच्छे संबंध बनाकर तनावमुक्त माहौल में ड्यूटी सौंपने की बात कही। आइजी ने सूरत और उधना स्टेशन का निरीक्षण किया तथा थाना निरीक्षकों के साथ बैठक में अपराध पर लगाम लगाने के लिए जरूरी निर्देश दिए।

सूरत और उधना से यूपी-बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों में उधना के नजदीक कर्व के पास काफी समय से मोबाइल और सामान लूटने की वारदातें हो रही हैं। हाल ही रेलवे सुरक्षा बल की विशेष टीओपीबी टीम ने एक सप्ताह में चार मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर रेलवे पुलिस को सौंपा था। समाजकंटक जनरल कोच के यात्रियों को निशाना बनाते हैं।

राजस्थान पत्रिका ने उत्तर भारतीय समाज की इस परेशानी की खबर २७ अगस्त को ‘सूरत और उधना स्टेशन के पास कर्व पर लूट, चोरी की वारदातों पर लगाम नहीं, यात्री परेशान’ शीर्षक से प्रकाशित की थी। गुरुवार को रेलवे सुरक्षा बल के आइजी ए.के. सिंह मुम्बई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से सूरत पहुंचे। एएससी राकेश पांडेय, सूरत रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक ईश्वर सिंह यादव के साथ वह गुरुवार सुबह उधना स्टेशन पहुंचे।

उधना रेलवे कॉलोनी में कुछ दिन पहले आरपीएसएफ कंपनी के रहने के लिए रेलवे स्कूल की जगह को रिनोवेट किया गया है। सिंह ने आरपीएसएफ बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने उधना रेलवे सुरक्षा बल थाने के जवानों से मुलाकात की। बाद में उन्होंने सूरत स्टेशन यार्ड में वर्कशॉप के बोर्ड रूम में सूरत रेलवे सुरक्षा बल के जवानों के साथ बैठक की। इसमें दक्षिण गुजरात के अलग-अलग स्टेशनों के थाना निरीक्षक, क्राइम ब्रांच निरीक्षक, इंटेलिजेंस विभाग के निरीक्षक, पैसेंजर सुरक्षा विभाग के निरीक्षक मौजूद थे। दोपहर बाद सिंह ने सांसद सी.आर. पाटिल से भी मुलाकात की। शाम को वह शताब्दी एक्सप्रेस से मुम्बई रवाना हो गए।

यह निर्देश दिए

थाना निरीक्षक जवानों के साथ अच्छे संबंध रखें।

जवानों को ड्यूटी सौंपते समय अच्छी तरह ब्रीफ करें कि उन्हें क्या करना है।

जवानों को ऑफिस में तनावमुक्त माहौल दें।

सरकार द्वारा मुहैया करवाई जाने वाले साधन-सामग्री उपलब्ध करवाएं।

ट्रेन में पेट्रोलिंग के दौरान बरतें सतर्कता
सूरत स्टेशन पर बोर्ड रूम में हुई बैठक में सूरत और उधना स्टेशन के अलावा वापी, वलसाड, नंदुरबार, अंकलेश्वर स्टेशन से रेलवे सुरक्षा बल थाना निरीक्षक भी मौजूद थे। आइजी ए.के. सिंह ने अधिकारियों को ट्रेन तथा स्टेशन परिसर में अपराध रोकने के लिए जरूरी निर्देश दिए। ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी के दौरान जवानों को अधिक सतर्क रहकर ड्यूटी देने को कहा। हथियार, टॉर्च समेत अन्य सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ-साथ सेक्शन में ड्यूटी के दौरान जवानों के लिए ठहरने की व्यवस्था है या नहीं, इस ओर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।


चलथान स्टेशन का दौरा रद्द
चलथान स्टेशन पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर विभाग की ओर से रेल कर्मचारियों के लिए स्टेशन के नजदीक स्टाफ क्वाटर्स का निर्माण किया गया है। बताया गया था कि आइजी ए.के. सिंह चलथान रेलवे कॉलोनी में स्टाफ क्वाटर्स देखने जाएंगे। इसी दौरान वह उधना कर्व के पास मोबाइल और सामान लूटने वाले स्थल का भी निरीक्षण करेंगे, लेकिन उनका चलथान दौरा रद्द हो गया।

Published on:
30 Aug 2018 09:07 pm