सूरत

रात में गाड़ी रोकी, पूरे परिवार का अपहरण किया, 3 बच्चों को नहर में फेंका; तैरकर बचे 13 साल के करण ने खोला सूरत कांड का राज

Surat Canal Incident: महाराष्ट्र के जलगांव के पाटील परिवार के छह सदस्यों को गुजरात के सूरत जिले में नहर में फेंक दिया गया। हादसे में पति-पत्नी और 9 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे लापता हैं। 13 वर्षीय बेटे ने तैरकर जान बचाई और पुलिस को पूरी घटना बताई।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 6:06 PM IST
Maharashtra family attack in Gujarat
गुजरात में जलगांव के परिवार के साथ खौफनाक वारदात (AI Image)

Gujarat Crime News: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक परिवार के छह सदस्यों का अपहरण कर उन्हें गुजरात के सूरत जिले में नहर में फेंकने की दिल दहला देने वाली वारदात में बड़ा खुलासा हुआ है। इस घटना में दंपति और उनकी नौ वर्षीय बेटी की मौत हो गई है, जबकि दो बच्चे अभी भी लापता हैं। परिवार के 13 वर्षीय बेटे करण ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी, जिससे इस जघन्य अपराध का खुलासा हो सका। पुलिस के मुताबिक, इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी पीड़ित परिवार को पहले से जानते थे।

यह घटना 21 नवंबर को गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तालुका में हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह अलग-अलग टीमें और एक विशेष तकनीकी टीम गठित की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। नहर से अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि दो अभी भी लापता हैं।

पीछा कर कार रोकी औरफिर नहर में फेंका

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, जलगांव का पाटील परिवार काम की तलाश में चार पहिया वाहन में सवार होकर सूरत जा रहा था। इसी दौरान चार लोगों ने दूसरी गाड़ी से उनका पीछा किया। आरोपियों ने बारडोली के उवा गांव के पास परिवार की गाड़ी को रोक लिया।

सूरत ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया के मुताबिक, आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया। करण के बयान के अनुसार, उसके माता-पिता और दो साल मासूम को एक गाड़ी में बैठाया गया, जबकि 13 वर्षीय करण, उसके 16 वर्षीय भाई और 9 वर्षीय बहन को दूसरी गाड़ी में ले जाया गया।

इसके बाद परिवार के सदस्यों को उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया गया। हालांकि, इस पूरी वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और परिवार के सभी सदस्यों को नहर में कैसे फेंका गया, इसकी विस्तृत जांच जारी है।

तैरकर बाहर निकले करण ने बड़ी बहन को दी सूचना

इस खौफनाक घटना में परिवार का 13 वर्षीय बेटा किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। वह नहर में गिरने के बाद पाइप की मदद से तैरकर बाहर निकल आया। इसके बाद उसने घर पर मौजूद अपनी बड़ी बहन से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।

सूरत ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि रविवार सुबह 13 साल का एक बच्चा पुलिस स्टेशन पहुंचा था। वह मराठी भाषा में बात कर रहा था। पूछताछ में पता चला कि उसका परिवार काम के सिलसिले में सूरत जा रहा था और रास्ते में उनके साथ यह वारदात हुई।

पुलिस ने बच्चे की बड़ी बहन को बुलाकर उसका बयान भी दर्ज किया। इसके बाद मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पति-पत्नी और 9 साल की बेटी के शव मिले

पुलिस और अग्निशमन दल की टीमों ने नहर में तलाश अभियान चलाया। इस दौरान सूरत जिले के महुवा तालुका में डुंगरी के पास उकाई-काकरापार नहर से तीन शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान नितिन उर्फ भूरिया पाटील, उनकी पत्नी कविता पाटील और उनकी 9 वर्षीय बेटी के रूप में हुई है। परिजनों ने तीनों शवों की पहचान कर ली है।

इस घटना में परिवार के दो अन्य सदस्य, 16 वर्षीय बेटा और दो साल का मासूम अभी भी लापता हैं। पुलिस और अग्निशमन दल की टीमें नहर में उनकी तलाश कर रही हैं।

परिचित ही निकले हमलावर, जांच के लिए 6 टीमें गठित

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर पीड़ित परिवार के परिचित ही थे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही है।

सूरत ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए छह अलग-अलग पुलिस टीमें और एक विशेष तकनीकी टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस वारदात के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पीड़ित परिवार के परिचित थे। हालांकि, परिवार को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी और इस वारदात की साजिश कैसे रची गई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत, दो बच्चों के लापता होने और 13 साल के मासूम के संघर्ष कर जान बचाने की इस घटना ने महाराष्ट्र और गुजरात में सनसनी फैला दी है।

Updated on:
25 Nov 2026, 6:06 PM IST
Published on: