
सूरत. दीपावली के बाद कपड़ा बाजार से व्यापारिक पार्टियों के रफूचक्कर होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। गुरुवार को मोटी बेगमवाड़ी क्षेत्र के मनीष टैक्सटाइल मार्केट एवं आसाराम टैक्सटाइल मार्केट से दो व्यापारियों के पलायन कर जाने की जानकारी मिली है।
कपड़ा बाजार के सूत्रों ने बताया कि कपड़ा बाजार की कमजोर स्थिति के मद्देनजर दीपावली के पहले से ही पार्टियों के पलायन की आशंका व्यक्त की जा रही थी, जो अब सच साबित होने लगी है। ऐसी ही दो घटनाएं गुरुवार को कपड़ा बाजार के मोटी बेगमवाड़ी क्षेत्र में सामने आई। पहली घटना में मनीष टैक्सटाइल मार्केट में 10-12 वर्षों से कारोबार कर रहा राजस्थान में पाली जिले का एक व्यापारी बुधवार रात दुकान से माल पोटलों (बोरे) में भरकर ले जा रहा था। करीब आठ-दस पोटले ले जाने के बाद मार्केट में तैनात सुरक्षाकर्मी ने उसकी इस हरकत की जानकारी प्रबंधन को दी तो वो दुकान खुली छोडक़र वहां से भाग गया। उसके बाद गुरुवार को दिनभर दुकान के बाहर बकाएदार व्यापारी चक्कर लगाते रहे। वहीं, दूसरी घटना नजदीक के ही आसाराम टैक्सटाइल मार्केट की बताई गई है। यहां से भी सिरोही जिले का एक व्यापारी कई व्यापारियों की रकम डुबोकर पलायन कर गया बताया है।
दोनों ने भिजवाए थे नोटिस
आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देकर मनीष व आसाराम मार्केट की फूर्र हुई पार्टियों ने बकाएदारों को वकील के मार्फत नोटिस भिजवाकर रकम चुकाने में असमर्थता व्यक्त की थी। दोनों ही पार्टियां कपड़ा बाजार से ही प्लेन-डाइड माल लेकर जॉबवर्क करवाते थे और फिर माल बेचते थे। सूत्रों ने बताया है कि दोनों पार्टियों की उठंतरी में कपड़ा बाजार के एक करोड़ से ज्यादा की रकम फंसी है।
चिकित्सक का किया सम्मान
आगम आर्केड में आग की घटना के दौरान पीडि़त बच्चों का तत्काल उपचार करने वाले चिकित्सक उदय शाह व डॉ. इशान शाह का बुधवार को गुजरात प्रांतीय माहेश्वरी सभा एवं सूरत जिला माहेश्वरी सभा ने सम्मान किया। चिकित्सक शाह के घर पहुंचकर स्मृृति चिह्न व पुष्पगुच्छ से सम्मान करने वालों में समाज के रामरतन भूतड़ा, मदन पेड़ीवाल, सुरेश काबरा समेत सभा के अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे।