
प्रतीकात्मक तस्वीर
सूरत। रांदेर क्षेत्र में प्रेम संबंध टूटने से नाराज एक युवक और उसकी मां ने 20 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया। आरोपी युवक ने युवती को छह दिनों तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा और उस पर अपने परिवार से नाता तोड़ने का दबाव बनाया। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने मुक्कों और लोहे की टेबल से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर रांदेर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता और खांडाकुवा निवासी आरोपी दिव्येश वाढेर के बीच जान-पहचान उस समय हुई थी जब दिव्येश उनके मकान में किराए से रहता था। मकान खाली करने के बाद आरोपी की पत्नी उसे छोड़कर चली गई, तो दिव्येश ने पीड़िता से नजदीकियां बढ़ाई। दोनों में प्रेम संबंध बन गए। युवती का आरोप है कि दिव्येश उस पर अपनी मां और परिवार से सभी संबंध खत्म कर केवल उसके साथ रहने का दबाव बनाता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा, जिससे परेशान होकर युवती ने उससे बातचीत और मिलना-जुलना बंद कर दिया।
यह बात दिव्येश को नागवार गुजरी और वह लगातार युवती के घर पहुंचकर उसे जान से मारने की धमकियां देने लगा। गत 27 जून की शाम जब युवती घर पर अकेली थी, तब दिव्येश अपनी मां मणीबेन के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। युवती ने साथ जाने से मना किया तो आरोपियों ने उसके मामा और छोटी बहन का अपहरण करने की धमकी दी। डर के मारे युवती उनके साथ चली गई, जहां आरोपियों ने उसे सूरत के खांडाकुवा स्थित मकान के एक कमरे में बंद कर दिया।
30 जून की रात जब युवती ने दोबारा उसके साथ रहने से साफ इनकार कर दिया, तो दिव्येश ने बेरहमी से उसे पीटा और पास ही रखी लोहे की भारी टेबल उठाकर उसके सिर और हाथ पर मार दी। इसके बाद वह कमरे में बाहर से ताला लगाकर चला गया। 3 जुलाई की रात दरवाजा खुला देखकर युवती किसी तरह वहां से भाग निकली और अपने मामा के घर पहुंची। परिजनों ने उसे तत्काल न्यू सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद रांदेर थाने में मामला दर्ज करवाया।
Updated on:
09 Jul 2026 09:33 pm
Published on:
09 Jul 2026 09:33 pm
