दीपावली स्नेहमिलन समारोह के आज कई आयोजन
सूरत. कपड़ा नगरी सूरत में बसे प्रवासी राजस्थानी समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से दीपावली के उपलक्ष में स्नहेमिलन समारोह का दौर लगातार जारी है। रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रवासी राजस्थानियों के अलग-अलग संगठनों की ओर से दीपावली स्नेहमिलन समारोह के आयोजन किए जाएंगे। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल-कूद, सम्मान समारोह आदि के आयोजन किए जाएंगे। दीपावली के उपलक्ष में स्नेहमिलन समारोह का दौर अगले रविवार तक भी जारी रहेंगे।
नीमकाथाना नागरिक परिषद
परिषद की ओर से स्नेहमिलन समारोह का आयोजन रविवार को वेसू के वीआईपी रोड के पास शीतल फार्महाउस में किया जाएगा। परिषद के कोषाध्यक्ष सुनील गोयल ने बताया कि समारोह की शुरुआत शाम पांच बजे से होगी और इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशेष योग्यताधारक छात्र-छात्राओं एवं विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। समारोह के दौरान सूरत में बसे नीमकाथाना के प्रवासी परिवार भाग लेंगे।
सीरवी समाज (गुजरात), सूरत
समाज की ओर से दीपावली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन रविवार को किया जाएगा। समाज के मीडिया प्रभारी पेमाराम सोयल ने बताया कि समारोह का आयोजन कोसमाड़ा गांव के जानकी वन फार्महाउस में सुबह नौ बजे से होगा। दिनभर आयोजित होने वाले समारोह में समाज के सभी बच्चों-बड़ों के लिए सांस्कृतिक, खेलकूद समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खंडेला नागरिक परिषद
परिषद की ओर से दीपावली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन रविवार को किया जाएगा। समारोह का आयोजन शाम छह बजे से वेसू में केनाल रोड के पास पोद्दार इंफ्रा डवलपर्स प्रांगण में किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक, खेलकूद, सम्मान समारोह समेत अन्य आयोजन होंगे।
अरावली अग्रवाल समाज
समाज की ओर से दीपावली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन रविवार दोपहर तीन बजे से अडाजण के प्रसंग पार्टी प्लॉट में होगा। इसमें अरावली क्षेत्र के सिरोही, जालोर, पाली, बनासकांठा जिले के प्रवासी अग्रवाल परिवार फैंसी ड्रेस, मेहंदी, नृत्य आदि प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। समारोह में अन्य कार्यक्रम भी होंगे।
श्रीमाधोपुर परिषद
परिषद की ओर से दीपावली स्नेहमिलन समारोह का आयोजन दो दिसम्बर को न्यू सिटीलाइट में श्रीमेहंदीपुर बालाजी मंदिर प्रांगण में सुबह दस बजे से होगा। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान, लक्की ड्रॉ, खेलकूद प्रतियोगिता, म्युजिकल हाऊजी समेत अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।