सुबह नमाज पढऩे के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी
वापी.वलसाड.नवसारी.वांसदा. वापी समेत वलसाड-नवसारी जिले में ईद का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह नमाज पढऩे के बाद लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।
ईद उल जुहा का पर्व वापी में बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र की सभी मस्जिदों में सुबह नमाज पढऩे के बाद लोगों ने बकरीद की मुबारकबाद दी। इस उपलक्ष्य में कई जगहों पर बकरों की कुर्बानी भी दी गई।
जानकारी के अनुसार सुबह से मुस्लिम विस्तारों में बकरीद का उत्साह नजर आने लगा था। बरसात के माहौल में लोगों ने नमाज अदा की और प्रेम और भाईचारे की दुआ मांगी। कई मस्जिदों में केरल बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए चंदा भी एकत्र किया गया। जिसमें लोगोंं ने दिल खोलकर मदद की। इस राशि से केरल के बाढ़ प्रभावितों को अनाज समेत जीवन जरुरी चीजें भेजी जाएंगी। पर्व का उत्साह सबसे ज्यादा बच्चों में देखा गया था।
वलसाड. शहर में मुस्लिम समाज द्वारा बुधवार को उत्साह के साथ बकरीद मनाई। इस उपलक्ष्य में सैकड़ों लोगों ने बकरे की कुर्बानी और जकात भी दिया। बकरीद पर एसटी डिपो के पास स्थित मजिस्द, नाना ताइवाड समेत अन्य सभी मजिस्दों में सुबह में लोगों ने सबसे पहले नमाज अता की और बाद में बकरों की कुर्बानी दी। इस दौरान गले लगकर एक दूजे को बकरीद की मुबारकबाद दी। बताया गया है जिन्होंने कुर्बानी नहीं दी उन परिवारों में लोगों ने कुर्बानी के बाद खाना पहुंचाया और गरीबों में भी बांटा गया। बकरीद पर शैक्षणिक व सरकारी कार्यालयों में अवकाश होने से शहर में माहौल भी शांत रहा और शाम को मुस्लिम समाज के लोगों की तिथल पर बड़ी भीड़ रही और लोगों ने वहां के वातावरण का आनंद लिया।
नवसारी. जिले में मुस्लिमों ने बुधवार को हर्षोल्लास के साथ बकरीद मनाई। लोगों ने नमाज के बाद गले लगकर एक दूसरे को पर्व की मुबारकरबाद दी। जानकारी के अनुसार रमजान के करीब दो महीने बाद ईद उल जुहा मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेन्डर के 12वें महीने के दसवें दिन मनाया जाने वाला यह पर्व हजरत इब्राहिम के साथ जुड़ा है। मुस्लिम समाज के लोग हर साल कर्बानी का जज्बा रखते हुए इस पर्व को मनाते हैं। बुधवार को मस्जिदों में नमाज के बाद लोगों ने गले लगकर बकरीद की मुबारकबाद दी। लोगों ने इबादत के दौरान अल्लाह से अमन चैन की दुआ मांगी। इस मौके पर लुन्सीकुई स्थित मस्जिद में मुस्लिमों ने केरल बाढ़ पीडि़तों के लिए चंदा भी एकत्रित किया। जिसे केरल पहुंचाया गया।
वांसदा. डांग जिले के प्रवेशद्वार वघई में बकरीद लोगों ने उत्साह के साथ मनाई। सुबह में मुस्लिमों ने नमाज अता कर लोगों को मुबारकबाद दी। वघई मजिस्द में बड़ी संख्या में मुस्लिमों ने नमाज पढ़ी। सुबह से ही बकरीद का उत्साह मुस्लिम मोहल्लो में देखा गया। खुदा की राह में कुछ भी न्यौछावर करने को तत्पर रहने वाले हजर इब्राहिम ने अपने प्रिय पुत्र की बलि देने को तैयार हो गए थे। उनके बलिदान की भावना को उजागर करने के लिए मुुस्लिमों द्वारा बकरीद पर बकरों की कुर्बानी दी जाती है। लोगों ने मस्जिद में देश की प्रगति और अमन शांति के लिए दुआ मांगी।