गोडादरा तीन रास्ता क्षेत्र में सांप-बिच्छू पहले से निकलते थे, अब बीमारियां फैलने का खतरा
सूरत. लिम्बायत जोन के गोडादरा तीन रास्ता क्षेत्र में मनपा का एक खुला प्लॉट क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। झाडिय़ों, घास-फूस और कचरे की वजह से सांप, बिच्छुओं और बदबू की समस्या तो पहले से थी, कुछ दिनों से बारिश का पानी भर जाने से हालत और गंभीर हो गई है। गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। मनपा ने इस ओर ध्यान नहीं दिया तो क्षेत्र में मलेरिया, डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों के मरीजों की तादाद बढ़ सकती है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि करीब पांच हजार वर्ग मीटर में फैले इस प्लॉट का महानगर पालिका सदुपयोग कर सकती है। मनपा इसे गार्डन, स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स या स्वीमिंग पूल के रूप में विकसित कर सकती है। इस क्षेत्र में इस तरह की सुविधाएं नहीं हैं। कुछ और नहीं तो साफ-सफाई करवा कर इसे बच्चों के खेलने लायक बनाया जा सकता है। यह प्लॉट किसी मुख्य मार्ग से जुड़ा हुआ नहीं है। इसके चारों तरफ आवासीय बस्ती है। उत्तर में भरवाड बस्ती, पूर्व में कुबेरनगर सोसायटी, दक्षिण में प्रियंका सिटी पल्स अपार्टमेंट और पश्चिम की ओर से शिवकृपा सोसायटी है। बेकार पड़े इस प्लॉट में बड़े पैमाने पर मवेशियों और घरों का कचरा डाला जा रहा है। जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं। इससे न सिर्फ तेज दुर्गंध आती है, बल्कि बीमारियां भी फैलती हैं।
कभी नहीं की गई सफाई
लोगों का कहना है कि यदि किसी घर या दुकान के बाहर जरा-सा कचरा मिले तो मनपा कानूनी कार्रवाई करती है, लेकिन इस प्लॉट में कभी सफाई नहीं की गई। मुख्य मार्ग से हट कर अंदर की तरफ होने के कारण मनपाकर्मी कभी इस तरफ नहीं आते। इस वजह से कचरा, मलबा चारों तरफ फैला हुआ है। गंदगी के कारण बच्चे खेलने के लिए प्लॉट का उपयोग नहीं कर पाते। बेतरतीब झाडिय़ां और घास-फूस होने की वजह से सांप और बिच्छू भी निकलते हैं।
स्वास्थ्य विभाग बेखबर
लोगों का कहना है कि प्री-मानसून कार्रवाई में भी मनपा की ओर से लापरवाही बरती गई। यहां जल जमाव को रोकने के कोई इंतजाम नहीं किए गए। इससे प्लॉट में बारिश का पानी जमा हो गया है। बारिश थमे लगभग एक सप्ताह हो चुका है, लेकिन मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने भी इसकी सुध नहीं ली। जमा पानी में मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए दवा का छिड़काव नहीं किया गया। इससे बड़ी तादाद में मच्छर पनप रहे हैं।
कार्रवाई की जाएगी
यह प्लॉट शायद मनपा ने किसी प्रोजेक्ट के लिए आरक्षित किया है। यदि यहां गंदगी की वजह से परेशानियां हो रही हैं तो कार्रवाई की जाएगी।
राव साहेब पाटिल, स्थानीय पार्षद