
अखाद्य पदार्थों पर स्वास्थ्य विभाग सख्त
सूरत. सूरत में पानी-पूरी की लारियों पर शुरू हुआ अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा। मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने पानी-पूरी की लारियों के साथ ही खाने-पीने की दुकानों पर भी छापेमारी की और अखाद्य नष्ट कर नोटिस सौंपे।
पिछले दिनों वड़ोदरा में पानी-पूरी की लारियों से बीमारियों ने लोगों को चपेट में ले लिया था। मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने प्रदेशभर में मानसून के दौरान पानी-पूरी की लारियों पर जांच और कार्रवाई के आदेश दिए थे। सूरत में मनपा प्रशासन ने पानी-पूरी की लारियों पर जांच अभियान चला रखा है। शुक्रवार को मनपा की स्वास्थ्य टीम ने शहरभर में कार्रवाई जारी रखते हुए २९४ जगह पानी-पूरी की लारियों पर जांच की और १९१ किलो अखाद्य नष्ट कर पूरी का २४१ लीटर पानी बहा दिया। इस दौरान मनपा टीम ने २० हजार रुपए से अधिक का जुर्माना भी वसूला।
नवरात्रि से पहले अखाद्य पर नजर
नवरात्रि पर्व पर उपवास के दौरान खाए जाने वाले आटे और अन्य सामान की गुणवत्ता प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित होती है। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद मनपा की स्वास्थ्य टीम ने सतर्कता बरतते हुए शहर में विभिन्न जगह दुकानों में छापेमारी की। दुकानों से मनपा टीम ने सिंघाड़े, राजगीर समेत व्रत के दौरान इस्तेमाल होने वाले अन्य आटे के सैम्पल लिए।
एसटी बस से डीजल की चोरी
बारडोली. सूरत जिले की कामरेज तहसील के ओरणा गाँव में एसटी बस से रात को 200 लीटर डीजल चोरी का मामला सामने आया है। बस चालक ेकी शिकायत पर कामरेज पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महमद असलम अब्दुल रहीम पीरू कुरेशी कंडक्टर अरविंद हरी राठौड़ के साथ बीती 1 अगस्त को सूरत से एसटी बस लेकर सोनगढ़ गया था। उस समय बस में 125 लीटर डीजल था। सोनगढ़ डिपो से 107 लीटर डीजल भरवाया था। सोनगढ़ से सूरत आने के बाद दोनों बस लेकर कामरेज के ओरणा गाँव गए थे। रात को ड्राइवर-कंडक्टर वहां सो गए थे। सुबह सूरत वापस जाने के लिए निकले तो बस दिगस गाँव की सीमा में अचानक बंद हो गई। सूरत से गए मैकेनिक ने जांच की तो पता चला बस में डीजल नहीं है। चालक की शिकायत पर कामरेज पुलिस ने रात को बस से २०० लीटर डीजल चोरी हो जाने का मामला दर्ज किया है।

Published on:
03 Aug 2018 09:47 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
