
खेरगाम. खेरगाम तहसील के कई गांवों में गर्मी के शुरुआत में ही पीने के पानी की गंभीर समस्या शुरु हो गई है। साल दर साल भूजल स्तर नीचे जाने वाव, भैरवी, नारायणपुर, पाटी, जामनपाडा, डेबरपाडा, गोरी सहित कई गांव में लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि उनकी समस्या को दूर करने के लिए सरकार भी गंभीर प्रयास नहीं कर रही।
पूरी तरह आदिवासी बहुल पाटी गांव में जल संकट विकट समस्या बनती जा रही है। पानी के लिए महिलाओं को एक किमी तक जाना पड़ता है। गांव के नदी मोहल्ला, पटेल मोहल्ला, दिगधा मोहल्ला, दादरी मोहल्ला में पानी के लिए घंटों तक लाइन में लगना पडता है। इस क्षेत्र में एक साल पूर्व मिनी जल योजना के तहत पानी की टंकी सरकार द्वारा बनवाई गई थी। टांकी में पानी चढ़ाने के लिए बोरिंग करवाकर पाइप लाइन भी डाली गई थी। अधिकारियों की उदासीनता के कारण आज तक पानी खींचने के लिए मोटर ही नहीं लग पाई। इस कारण लाखों के खर्च के बाद भी लोगों को पानी नसीब नहीं हो रहा है।
पानी के लिए गांव की महिलाओं को सारे काम छोड़कर सुबह ही दूर जाना पड़ता है। पाटी गांव के नदी मोहल्ले में एक हैंडपंप से लोग पानी भरते थे। गत दो माह से हैंडपंप भी खराब है, जिससे समस्या और बढती जा रही है। गांव में पानी की अन्य टंकियां भी हैं मगर जगह जगह लाइन टूटी होने से टंकी में पानी नहीं पहुंचता है।
इस बारे में गांव के जयेश पाटी ने बताया कि पानी लाने में ही ज्यादातर समय निकल जाता है। गत 15 दिन से टंकी में पानी नहीं आ रहा है। जिसके कारण पीने के अलावा पशुओं के लिए भी पानी का जुगाड़ करना मुश्किल हो रहा है। पानी के चक्कर में काम धंधा भी छोडऩा पड़ता है। जिससे आजीविका पर भी असर हो रहा है। उनसे आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान बडे बडे वादे करने वाले नेता उसके बाद समस्या को नहीं सुनते हैं।
एक अन्य बुजुर्ग चंदू गवली ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण हमें दुखी होना पड़ता है। बनाई गई टंकी के मोटर के लिए जीईबी द्वारा कनेक्शन भी नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि दस वर्ष से यहां के लोगों को पानी की किल्लत से दूर दराज से पानी लाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या सरपंच को बताने पर वह अपनी व्यथा सुनाते हैं कि उनकी भी कोई नहीं सुनता है।
पंचायत का नहीं मिला सहयोग
पानी पुरवठा अधिकारी तन्मल पटेल ने बताया कि योजना बनाते समय पाइप लाइनजोडऩे के लिए पंचायत ने रास्ता तोड़कर लाइन डालने देने का आश्वासन दिया था। पंचायत चुनाव के बाद आए दूसरे सरपंच ने हमारे स्टाफ का सहयोग नहीं किया। जिससे पानी पहुंचाने के लिए पानी की पाइप को नहीं जोड़ पाए हैं। हैंडपंप की मरम्मत के लिए आदेश दे दिया गया है।