सूरत

POLICE IN ACTION : शराब,जुए के खिलाफ पुलिस ने शुरू की स्पेशल ड्राइव

SURAT NEWS : - सात दिन तक रोज होगी कार्रवाई, आलाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट - Surat Police started special drive against alcohol, gambling - Action will be done daily for seven days, report will be sent to top officials
2 min read
Oct 10, 2019
POLICE IN ACTION : शराब,जुए के खिलाफ पुलिस ने शुरू की स्पेशल ड्राइव
POLICE IN ACTION : शराब,जुए के खिलाफ पुलिस ने शुरू की स्पेशल ड्राइव

सूरत. सौ से अधिक स्थानों पर छापेमारी के बाद पुलिस ने शहर में शराब और जुए के खिलाफ विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) शुरू किया है। इसके तहत थाना स्तर पर प्रतिदिन बूटलेगरों के खिलाफ कार्रवाई होगी तथा आलाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक १६ अक्टूबर तक सूरत शहर के सभी थानों को अपने क्षेत्र में शराब और जुए का दूषण खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाना होगा। जहां पहले शराब पकड़ी जा चुकी हो, जुए के अड्डे पकड़े जा चुके हों और उनके फिर से सक्रिय होने की आशंका हो, वहां छापे मार कर कार्रवाई की जाएगी।

शराब तस्करी में लिप्त रहे लिस्टेड बूटलेगरों, जुए का अड्डा चलाने वालों के यहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। तभी थानों से कहा गया है कि संभावित स्थानों पर जांच कर सुनिश्चित किया जाए कि वहां शराब बिक्री या जुआ खेलने की गतिविधि तो नहीं हो रही है।

इस कार्रवाई को असरदार बनाने के लिए सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिस उपायुक्त, संयुक्त और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन होने वाली कार्रवाई की रिपोर्ट पुलिस महानिदेशक कार्यालय को भेजी जाएगी।


गुजरात में शराबबंदी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी के बीच बुधवार को शहर पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की थी। एसओजी, पीसीबी और डीसीबी की दस टीमों ने सचिन, सचिन जीआइडीसी, पांडेसरा और खडोदरा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर देशी शराब की भट्टियों और अंग्रेजी शराब के अड्डों पर छापे मारे थे।

लिस्टेड और संदिग्ध बूटलेगरों के ठिकानों से ८०२ लीटर देशी शराब, अंग्रेजी शराब की 240 बोतलें और शराब तैयार करने की सामग्री जब्त की गई थी। पुलिस ने १०० से अधिक मामले दर्ज कर ९५ लोगों को गिरफ्तार किया था।

Published on:
10 Oct 2019 09:11 pm