
सूरत.
स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र दो दिन बाद शुरू होने वाला है, लेकिन राइट टू एज्यूकेशन एक्ट (आरटीइ) के तहत प्रवेश के दूसरे चरण की अभी तक घोषणा नहीं किए जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है।
राज्यभर में 11 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो जाएगी। आरटीइ प्रवेश की प्रक्रिया दो चरणों में विभाजित की गई थी। पहला चरण जून को पूरा हो चुका है। सूरत कॉर्पोरेशन में इस चरण में 6301 विद्यार्थियों को आरटीइ के तहत प्रवेश मिला है। जिनको इस चरण में नहीं चुना गया, उन्हें दूसरे चरण का इंतजार करने को कहा गया था। दूसरे चरण के बारे में अब तक किसी तरह की घोषणा नहीं होने से प्रवेश की उम्मीद लगाए बैठे विद्यार्थी और अभिभावक परेशान हो रहे हैं। प्रवेश के लिए चयन के बाद अभिभावकों को लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। उनके सभी प्रमाणपत्रों की जांच होती है। उसके बाद ही प्रवेश तय होता है। अभिभावकों की चिंता का एक कारण यह भी है कि अगर दूसरे चरण में भी नंबर नहीं लगा तो उनके बच्चों का साल बिगड़ सकता है।
विवादों के बीच हर साल बढ़ता गया आंकड़ा
आरटीइ के तहत निजी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थियों की संख्या हर साल बढ़ती जा रही है। सात साल पहले आरटीइ प्रवेश की संख्या शून्य थी, जो इस साल छह हजार तक जा पहुंची है। गरीब और मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों का सपना हुआ करता था कि वह भी अमीर वर्ग के विद्यार्थियों की तरह निजी स्कूलों में पढ़ें। भारी-भरकम फीस के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लिए यह स्कूल दूर की कौड़ी थे। राइट टू एज्यूकेशन एक्ट के तहत गरीब और मध्यम वर्ग का यह सपना साकार हो रहा है। निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटें आरटीइ के लिए आरक्षित हैं। आरटीइ एक्ट शैक्षणिक सत्र 2012 में लागू किया गया था। शुरुआती दौर में सूरत के गरीब और मध्यम वर्ग के लोग इस नियम से अवगत नहीं थे। बाद में आरटीइ के बारे में जागरुकता के प्रयास शुरू किए गए। इसके बेहतर परिणाम मिले और वर्ष 2014 में आरटीइ के तहत सूरत में 742 प्रवेश हुए। शैक्षणिक सत्र 2015 में प्रवेश पाने वालों की संख्या 2014 के मुकाबले दो गुनी हो गई। 2015 में 1400 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला था।
सैकड़ों फर्जी प्रवेश रद्द
आरटीइ प्रवेश का आंकड़ा बढऩे के साथ विवाद भी शुरू हो गए। चूंकि आरटीइ में प्रवेश लेने वालों को स्कूल की फीस नहीं देनी पड़ती है, इसलिए कई ऐसे अभिभावक भी कतार में शामिल हो गए, जो आरटीइ के नियमों के दायरे में नहीं आते थे। वर्ष 2016 में कई ऐसे मामले सामने आए, जिनमें फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर प्रवेश लेने का प्रयास किया गया। ऐसे प्रवेश रद्द करने के बाद भी 2016 में 2500 विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में प्रवेश मिला। वर्ष 2017 में यह आंकड़ा बढ़कर 4000 तक पहुंच गया। इस साल भी 200 से अधिक अभिभावकों ने फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर प्रवेश लिया था। जांच के बाद सभी फर्जी प्रवेश रद्द कर दिए गए। इस साल आरटीइ के प्रथम चरण में सूरत में 6301 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया है। करीब 9500 अभिभावकों ने प्रवेश लेने के लिए आवेदन किया था। इनमें से 2200 से अधिक आवेदन फर्जी पाए गए। इन सभी ने फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर प्रवेश लेने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने प्रवेश से पहले फर्जी प्रमाणपत्रों को पकड़ लिया। इस साल के प्रवेश का दूसरा चरण बाकी है। दूसरे चरण में प्रवेश लेने वालों की संख्या और बढ़ेगी।
कब कितने प्रवेश
वर्ष प्रवेश
2012 00
2013 00
2014 742
2015 1,400
2016 2,500
2017 4,000
2018 6,301 (प्रथम चरण)