सूरत

बहनों को घर भेंट कर भाई होने का फर्ज अदा करने का संतोष: पीएम मोदी

वलसाड में 1.15 लाख लाभार्थियों को करवाया इ-गृह प्रवेश, 600 करोड़ की जलापूर्ति योजना का किया भूमि पूजन
2 min read
Aug 23, 2018
patrika
बहनों को घर भेंट कर भाई होने का फर्ज अदा करने का संतोष: पीएम मोदी

वलसाड. रक्षा बंधन से पहले एक लाख से अधिक बहनों को घर की भेंट कर भाई होने का फर्ज अदा किया हो इसकी अनुभूति कर रहा हूं यह बात गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वलसाड में आवास योजना के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कही। प्रधानमंत्री ने 1.15 लाख लाभार्थियों को इ-गृह प्रवेश करवाया। वलसाड के जूजवा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रधानमंत्री के हाथों 600 करोड़ रुपए की जलापूर्ति योजना का भूमि पूजन भी किया गया।


कांग्रेस के समय में सिर्फ टंकी थी, आज उनमें पानी भी है


प्रधानमंत्री मोदी ने वलसाड में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली से एक रुपया निकलता है तो पूरे 100 पैसे गरीबों के हाथ में जाता है। देश से गरीबी हटाने के लिए गरीबों का सशक्तिकरण का काम किया जा रहा है। गरीबों का बैंकों में अकाउंट नहीं था, भाजपा ने उन तक बैंकों को पहुंचाया। कांग्रेस के समय में पानी की टंकियां तो थी, लेकिन उन में पानी नहीं था। भाजपा ने उन टंकियों में पानी लाना शुरू किया। गुजरात के लोगों ने परवरिश की है, सबकुछ आपसे ही सीखा है। सपना पूरा करने का हर संभव प्रयास करूंगा।


सूरत एयरपोर्ट पर पीएम का स्वागत


वलसाड में आयोजित आवास योजना का लोकार्पण और जलापूर्ति योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले पीएम मोदी का सूरत एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया। वह दिल्ली से सूरत पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, राज्य के मुख्य सचिव समेत सांसद और विधायकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद हैलीकॉप्टर के जरिए वह वलसाड़ पहुंचे।


लाभार्थियों से की बात


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मदी ने ग्रामीण आवास योजना के तहत वलसाड जिले के जूजवा गांव से 1.15 लाख लाभार्थियों को इ-गृह प्रवेश दिलाया। इस दौरान वह दो लाख लोगों के इंटरनेट के जरिए जुड़े और उनसे संवाद किया।

Published on:
23 Aug 2018 01:44 pm