सूरत

बारिश ने खोली प्री-मानसून कामों की पोल

पानी भराव से लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी
2 min read
• •
Updated: 3 Jul 2018, 8:39 PM IST
patrika
बारिश ने खोली प्री-मानसून कामों की पोल

सूरत. मौसम की पहली झमाझम ने मनपा के प्री-मानसून कामों की पोल खोलकर रख दी। मंगलवार की बारिश में खासकर वराछा क्षेत्र में पानी भराव से लोगों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ी। इसके लिए आम जन ही नहीं, स्थानीय पार्षद ने भी इसके लिए मनपा के प्री-मानसून कामों में हुई लापरवाही को जिम्मेदार बताया।

मनपा प्रशासन हर साल बारिश से पहले प्री-मानसून अभियान चलाता है, जिसमें मानसूनी बीमारियों से बचाव के उपाय के साथ ही स्टॉर्म ड्रेनेज की सफाई पर खास फोकस किया जाता है। आरोप है कि इस बार राज्य सरकार के जल संचय अभियान में मनपा प्रशासन इतना व्यस्त रहा कि प्री-मानसून कामों पर फोकस नहीं कर पाया। इसके परिणाम अब देखने को मिल रहे हैं।

शहर में मानसून की पहली झमाझम बारिश ने मनपा के दावों की पोल खोल दी। मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश से जगह-जगह जलभराव के हालात बने। वराछा, लिंबायत जोन समेत शहर में कई जगह जलभराव हुआ। बारिश के कारण मुख्य मार्गों ही नहीं, कई जगह आंतरिक रास्तों पर भी पानी भर जाने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।

कोई सुनवाई नहीं

हम ढाई साल से क्षेत्र में स्टॉर्म ड्रेनेज की लाइन डालने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अधिकारी हमारी बात नहीं सुन रहे। पिछले साल अधिकारियों ने आश्वासन दिया था, जिस पर अमल नहीं हुआ। यही हालत रही तो आंदोलन ही विकल्प रहेगा।
डॉ. चारुल कसवाला, पार्षद, सूरत मनपा

यहां फिर भरा पानी

वराछा में पूणागाम-सीतानगर रोड पर शिवम कॉम्प्लेक्स के सामने बरसात में हर बार पानी भर जाता है। लोग कई वर्ष से स्टॉर्म ड्रेनेज की मांग कर रहे हैं, लेकिन मनपा प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। लोगों का आरोप है कि सामने के हिस्से पर जो ड्रेनेज लाइन है, उसका पाइप छोटा होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती और लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इसीलिए बड़ी स्टॉर्म ड्रेनेज लाइन की मांग की जा रही है। इसके अलावा उधना गरनाले और रघुकुल मार्केट गरनाले में भी हर साल बारिश में पानी भरता है। मनपा प्रशासन ने इसके निस्तारण के उपाय नहीं खोजे हैं। नवसारी बाजार रोड पर कादरशा की नाल में भी हर साल भरने वाले पानी का कोई तोड़ मनपा के पास नहीं है। डिंडोली ओमनगर में हर साल की तरह इस बार भी बारिश से जलभराव हुआ। यहां भी मनपा प्रशासन पानी निकालने के उपाय कर पाने में नाकाम रहा। इसके अलावा पीपलोद के कुछ इलाकों में भी जलभराव की शिकायतें सामने आई हैं। यह क्षेत्र शहर के वीआइपी इलाकों में शामिल है। यहां जलभराव लोगों को चौंकाता है। लोगों का आरोप है कि कर वसूली में अव्वल मनपा प्रशासन लोगों की सहूलियतों पर ध्यान नहीं दे रहा है।

Published on: