
सिलवासा. सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को प्रशासन द्वारा लॉयंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित देवकीबा मोहनसिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आट्र्स कॉलेज इमारत की तोडफ़ोड़ कार्रवाई पर रोक लगा दी है। मुंबई हाइकोर्ट के फैसले के विरोध में लॉयंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट ने सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। सर्वोच्च न्यायालय ने प्रशासन को अगली सुनवाई तक डिमोलेशन कार्य बंद रखने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने शिक्षण परिसर की एक इमारत को असुरक्षित और घटिया गुणवत्ता बताकर शिक्षण परिसर के मुख्यद्वार पर पुलिस का कड़ा पहरा लगा रखा है। स्कूल और कॉलेज दोनों में शुक्रवार से शिक्षण कार्य बंद है।
लॉयंस क्लब ऑफ सिलवासा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शिक्षण परिसर में कक्षा एक से स्नातक तक पढ़ाई होती है। वर्तमान में यहां 5 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। इसमें स्कूल के लिए ट्रस्ट ने 1996 में पहली इमारत का निर्माण किया था। इसके बाद विद्यार्थियों की संख्या बढऩे पर 25 मार्च 2011 को नई इमारत निर्माण के लिए ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने रिवाज्ड कंस्ट्रक्शन परमीशन मांगी थी। परमीशन नहीं मिलने पर नगरपालिका रेगुलेशन 2004 की धारा 180 के डीम्ड प्रावधान के अंतर्गत दूसरी बिल्ंिडग का निर्माण पूरा कर लिया। तीन मंजिला नई बिल्डिंग में कॉलेज और प्राथमिक बच्चों की पढ़ाई होती है। इस बिल्डिंग को प्रशासन ने असुरक्षित करार दिया है। डिमोलेशन के दौरान नई इमारत के करीब 9 कमरे तोड़े जा चुके हैं, जबकि कइयों में दरारे पड़ गई हैं।
तिथल में लारी में आग, फटा सिलेंडर
वलसाड. वलसाड के तिथल में सैलानियों को नाश्ता और मकई बेचने वाली लारियों में से गत रात्रि को एक लारी में अचानक आग गई। आग से सिलेंडर फटने पर कई कुर्सियां और दूसरा सामान जल गया।
तिथल में रहने वाला सुभाष पटेल तिथल बीच में मकई की लारी लगाता है। गत रात्रि को लारी बंद करके घर चला गया। अचानक उसकी लारी में आग लग गई। इसकी सूचना किसी ने सुभाष को दी और वह परिवार के साथ मौके पर पहुंचा तो लारी जलती दिखी। उसमें रखा सिलेंडर भी गरम होने से फट गया। इससे पास में रखी प्लास्टिक की कुर्सियां जलकर राख हो गई। सुभाष के अनुसार आग किसी ने लगाई होगी। वे लोग तो पूरा सामान रखकर तथा गैस बंद करके ही घर जाते हैं।