सूरत

सूरत नहर कांड: पानी का बहाव कम कर लापता बच्चों की तलाश में जुटी पुलिस, दोस्त के घर में छिपा आरोपी गिरफ्तार

Surat Canal Incident: सूरत नहर कांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। महाराष्ट्र के जलगांव से आरोपी दयानंद भदाने को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को उसके दोस्त के घर से पकड़ा गया। उधर, नहर में लापता दो बच्चों की तलाश के लिए पानी का बहाव कम किया गया है।
3 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 9:45 AM IST
Maharashtra family attack in Gujarat
गुजरात में जलगांव के परिवार के साथ खौफनाक वारदात (AI Image)

Maharashtra Family Murder Case: गुजरात के सूरत जिले में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के छह सदस्यों को अगवा कर नहर में फेंकने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जलगांव जिले के रहने वाले दयानंद उर्फ खांड्यो संभाजी भदाने (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे महाराष्ट्र के जलगांव जिले की पारोला तहसील के मंगरुल गांव में उसके एक दोस्त के घर से गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे बारडोली की अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

इस वारदात में महाराष्ट्र के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो चुकी है, जबकि दो नाबालिग बच्चे अब भी लापता हैं। वहीं, 13 वर्षीय करण पाटिल इस खौफनाक घटना में किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। पुलिस अब फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

रात में कार रोककर पूरे परिवार को किया अगवा

पुलिस के मुताबिक, जलगांव जिले के एरंडोल गांव के रहने वाले नितिन भुर्या पाटिल (45) अपनी पत्नी कविता पाटिल (38) और चार बच्चों के साथ 22 नवंबर की रात मारुति ईको कार से सूरत जा रहे थे। परिवार में करण (13), हरीश (15), स्वीटी (9) और प्रथमेश (2) शामिल थे।

इसी दौरान सूरत जिले के बारडोली इलाके में उवा गांव के पास एक दूसरी कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि दूसरी कार में सवार चार लोगों ने नितिन पाटिल और उनके परिवार को अगवा कर लिया। इसके बाद सभी को तापी जिले के उकाई इलाके में ले जाया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर देर रात परिवार के सभी छह सदस्यों को उकाई लेफ्ट बैंक नहर में फेंक दिया।

पाइप पकड़कर बचाई जान, पेट्रोल पंप पहुंचकर दी सूचना

नहर में फेंके जाने के बाद 13 वर्षीय करण पाटिल ने किसी तरह पानी के बीच एक पाइप पकड़ लिया। इसी वजह से उसकी जान बच गई। वह किसी तरह नहर से बाहर निकला और पास के एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा। वहां उसने कर्मचारियों को पूरी घटना बताई। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल बारडोली पुलिस को इसकी सूचना दी।

करण के बयान और नितिन पाटिल की बेटी खुशी पाटिल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 23 नवंबर को बारडोली थाने में चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। आरोपियों की पहचान अभा, खांड्यो, बंटी और एक अन्य व्यक्ति के रूप में की गई है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(1), 109(1) और 54 के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें हत्या के इरादे से अपहरण, हत्या के प्रयास और अपराध के दौरान मौजूद रहकर सहायता करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।

नहर से मिले दंपती और 9 साल की बच्ची के शव

इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने सूरत जिले के डूंगरी गांव के पास नहर से तीन शव बरामद किए। इनकी पहचान नितिन पाटिल, उनकी पत्नी कविता पाटिल और 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के रूप में हुई है।

हालांकि, परिवार के दो अन्य बच्चे हरीश (15) और प्रथमेश (2) का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

नहर का पानी कम करने के लिए सिंचाई विभाग को पत्र

लापता दोनों बच्चों की तलाश में पुलिस ने अब नहर में पानी का बहाव कम करने का फैसला किया है। इसके लिए बारडोली पुलिस ने सूरत जिले के सिंचाई विभाग को पत्र लिखकर नहर में पानी का प्रवाह घटाने का अनुरोध किया है। पुलिस को उम्मीद है कि पानी का बहाव कम होने से तलाशी अभियान में मदद मिलेगी और दोनों बच्चों का पता लगाया जा सकेगा।

बारडोली पुलिस निरीक्षक पी.एन. जडेजा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी दयानंद उर्फ खांड्यो भदाने इस मामले में कार चलाने वाला आरोपी है। उसे महाराष्ट्र के मंगरुल गांव से पकड़ा गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि फरार तीन अन्य आरोपियों के ठिकाने और इस वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

Updated on:
26 Nov 2026, 9:45 AM IST
Published on: