सूरत

प्लास्टिक को लेकर कपड़ा बाजार में फिलहाल नहीं होगी कार्रवाई

मनपा अधिकारी फोस्टा की बैठक में कपड़ा व्यापारियों से मिले
2 min read
• •
Updated: 4 Jul 2018, 8:08 PM IST
patrika
प्लास्टिक को लेकर कपड़ा बाजार में फिलहाल नहीं होगी कार्रवाई

सूरत. प्रतिबंधित प्लास्टिक मामले में कपड़ा व्यापारियों की ठोस दलीलें मंगलवार को महानगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मान लीं और कपड़ा बाजार में फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं किए जाने का आश्वासन दिया। मनपा अधिकारियों के साथ कपड़ा व्यापारियों की बैठक फैडरेशन ऑफ सूरत टैक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से जेजे मार्केट के बोर्डरूम में बुलाई गई थी।

वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के निर्देश पर सोमवार को महानगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग ने कपड़ा बाजार में प्रतिबंधित 50 माइक्रोन से कम की प्लास्टिक थैलियों को जब्त करने और जुर्माने की कार्रवाई की थी। कमेला दरवाजा के निकट यूनिवर्सल टैक्सटाइल मार्केट में व्यापारिक प्रतिष्ठान से प्लास्टिक थैली के लम्प को जब्त कर दो सौ रुपए जुर्माने की पर्ची फाड़ी, लेकिन व्यापारी से पांच सौ रुपए मांगे। इस पर वहां हंगामा हो गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

इसी दौरान सूरत के नवनियुक्त महापौर डॉ. जगदीश पटेल, स्थाई समिति चेयरमैन अनिल गोपलाणी, विधायक हर्ष संघवी समेत अन्य पार्षद एक समारोह में भाग लेने के लिए कपड़ा बाजार में ही थे। व्यापारियों की शिकायत पर उन्होंने उचित समाधान का आश्वासन दिया था। मंगलवार शाम जेजे मार्केट के बोर्डरूम में फोस्टा की बैठक में मनपा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी डॉ. महेंद्र पटेल, ललित परमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। बातचीत के बाद मनपा अधिकारियों ने व्यापारियों को फिलहाल कपड़ा बाजार में कार्रवाई नहीं किए जाने का आश्वासन दिया।

जानकारी का अभाव

बैठक में एक व्यापारी ने बताया कि 50 माइक्रोन से कम की एन्वलप थैली नहीं बनती और कपड़ा बाजार में ज्यादातर व्यापारी इसका ही इस्तेमाल करते हैं। व्यापारी ने थैली बनने का प्रोसेस भी बताया तो मनपा टीम के अधिकारी सहमति में गर्दन हिलाते दिखे। बाद में उन्होंने अपने उच्चस्थ अधिकारियों से इस बारे में चर्चा करने की बात कही।

सांसद-एमएलए के आते हैं फोन

बैठक के दौरान कपड़ा बाजार के विभिन्न टैक्सटाइल मार्केट में प्लास्टिक वेस्टेज कलेक्शन के ठेकों के लिए सांसद-एमएलए के फोन मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को आने की बात भी कही गई। फोस्टा पदाधिकारी ने बताया कि अगर यह प्लास्टिक प्रतिबंधित है तो क्या सांसद-एमएलए को इस नियम की जानकारी नहीं है? वह अपने चहेतों को ठेका दिलाने के लिए क्यों फोन करते हैं?

चलेगा बातचीत का दौर

कपड़ा बाजार में इस्तेमाल की जाने वाली प्लास्टिक थैलियां जब्त करने और जुर्माने की कार्रवाई फिलहाल नहीं होगी। इस सिलसिले में मनपा प्रशासन, फोस्टा और कपड़ा व्यापारियों के बीच बैठक होगी। बैठक में कपड़ा बाजार में उपयोग ली जाने वाली प्लास्टिक थैली की गुणवत्ता और मानक की जांच के सभी पहलुओं पर बातचीत की जाएगी। उसके बाद मनपा प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई होगी।

Published on: