सूरत

यातायात पुलिस ने काटे चालान

दमण पुलिस एवं यातायात विभाग
2 min read
Nov 03, 2018
patrika
यातायात पुलिस ने काटे चालान

दमण. दमण पुलिस एवं यातायात विभाग की ओर से शहर व आसपास के क्षेत्र में इन दिनों यातायात नियमों के पालन की कड़ाई से जांच की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक एवं शाम 5 से रात 8 बजे तक विभिन्न चौक-चौराहों पर यातायात नियमों की जांच कर रही है। अभियान के लिए विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की नौ टीमें तैनात की है। जांच के दौरान दो दिन में पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों से कुल दो लाख रुपए से अधिक जुर्माने के चालान काटे गए। जांच के दौरान पुलिस ने बगैर हेलमेट, ट्रिपल सीट, शीशे पर काली फिल्म समेत अन्य नियमों की जांच की है।

चार अधिकारी पदोन्नत


दमण. दमण अग्निशमन विभाग के चार मुख्य दमकल अधिकारियों की पदोन्नति की गई है। यह अधिकारी अब सहायक दमकल अधिकारी बन गए है। दमकल विभाग के पदोन्नत अधिकारियों में अमृतलाल बारिया, संजयकुमार कचरा, हसमुख राठोड, शैलेश धोड़ी शामिल है। सभी पदोन्नत अधिकारियों को शुक्रवार को दमण पुलिस मुख्यालय में उप महानिरीक्षक व अग्निशमन विभाग के निदेशक बीके सिंह ने बैच सौंपे है।

वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता आयोजित


दमण. दमण खेल विभाग की ओर से वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता गुरुवार को आयोजित की गई। प्रतियोगिता का आयोजन डून्स स्पोट्र्स क्लब में किया गया। प्रतियोगिता में दमण के विभिन्न स्कूल-कॉलेज के प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 17 व 19 वर्ष के आयु वर्ग में आयोजित की गई थी और इसमें कुल 25 प्रतियोगी शामिल थे।

दीपावली उत्सव मनाया


दमण. शहर में वैदिक डेंटल कॉलेज में दीपावली उत्सव मनाया गया। इसमें छात्रों, अध्यापकों, कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मौके पर आयोजित दीपक मेकिंग प्रतियोगिता में रंग-बिरंगे दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान बेहतरीन दीपक बनाने वाले छात्र-छात्राओं को कॉलेज प्रशासन के कार्यपालक सचिव अस्पी दमणिया, शाहरवेर दमणिया आदि ने सम्मानित किया। इस मौके पर आयोजित दीपक मेकिंग प्रतियोगिता में रंग-बिरंगे दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

Updated on:
03 Nov 2018 07:11 pm
Published on:
03 Nov 2018 07:11 pm