
वैश्विक पटल पर मीरा की दिखेगी भक्ति
सूरत. १५वीं शती में जन्मी श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त मीराबाई के नाम से भारतवर्ष परिचित है और अब इनकी अनूठी भक्ति से वैश्विक पटल को रुबरु कराने के लिए सूरत की बेटी ने आस्ट्रेलिया में बीड़ा उठाया है। सूरत की लाडली की रंगमंच पर परीक्षा रविवार को केनबरा के गोल्डकोस्ट रंगमंच पर तब होगी जब आरती के नेतृत्व में तीन सौ कलाकारों का दल दो घंटे की अवधि वाले मीराबाई ड्रामे का मंचन करेंगे।
मूल नागोर जिले के थांवला कस्बे की आरती की शादी मीराबाई की जन्मस्थली मेड़तासिटी के डॉ. पवन बजाज के साथ हुई और वे 2006 से आस्ट्रेलिया में बसे हुए है। मां की देखरेख में बचपन से ही क्लासिकल नृत्य की तरफ आकर्षित आरती का अरंगेत्रम 2004 में शिवांजलि कला मंदिर की छात्रा के रूप में हुआ था। वहीं, आस्ट्रेलिया के केनबरा में डांस स्कूल के रूप में नवरस स्कूल की स्थापना की और बाद में वाइल्ड ड्रीमर्स प्रोडक्शन हाउस बनाकर स्टेज प्रोग्राम की शुरुआत की। सूरत में पली-बढ़ी आरती ने आस्ट्रेलिया से बताया कि हाउस का मेगा स्टेज शो मीराबाई के रूप में 4 नवम्बर को गोल्डकोस्ट में होगा और इसकी तैयारियां हाउस के तीन सौ सदस्यों ने कई महीनों तक की है।
यह होगा ड्रामें में
आरती बताती है कि दो घंटे के ड्रामे में भक्तशिरोमणि मीराबाई के जीवन चरित्र को दस अलग-अलग डांस के रूप में रंगमंच पर एक साथ सौ कलाकार बताएंगे। इसमें क्लासिकल, कान्ट्रम्परी, इरियल, जैश, पोल, पेप, अफ्रीकन, बेले आदि डांस शामिल रहेंगे। ड्रामा पूरा इंग्लिश में दिखाया जाएगा। ड्रामे के दौरान खास बात यह रहेगी कि दो घंटे के दौरान 15वीं शती पर आधारित वेशभुषा, संगीत, नृत्य आदि रहेंगे।
केलिफोर्निया में भी दिखेगा रंग
क्लासिकल डांस की वल्र्ड चैम्पियनशिप अगले वर्ष जुलाई में अमेरिका के केलिफोर्निया में आयोजित की जाएगी और इससे पहले आयोजकों की ओर से दुनिया के 50 देशों में इसका ऑडीशन हुआ और इसमें 75 हजार डांसरों ने भाग लिया था। आरती यहां भी भाग्यशाली साबित हुई और आस्ट्रेलिया की तरफ से उसका चयन किया गया। केलिफोर्निया में आरती आस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करेगी।
अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है
सूरत के कपड़ा व्यापारी ओमप्रकाश मुंदड़ा की बेटी आरती बताती है कि वह अपने पति डॉ. पवन बजाज के सहयोग से मीराबाई की भक्ति को दुनियाभर में पहुंचाना चाहती है। उसके लिए ड्रामे की तैयारी की गई और इसमें शामिल सदस्यों में वाइल्ड ड्रीमर्स प्रोडक्शन हाउस के सदस्य कलाकार शामिल है जो कि भारतीय के अलावा विदेशी भी है। इनमें पांच से पचपन वर्ष की उम्र के कलाकार शामिल है।
Published on:
03 Nov 2018 06:56 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
