सूरत

राजस्थान से दो प्रत्याशी आएंगे सूरत

रविवार को गोडादरा में होगा मेवाड़ प्रवासी सम्मेलन
2 min read
Nov 29, 2018
patrika
राजस्थान से दो प्रत्याशी आएंगे सूरत

सूरत. राजस्थान से विधानसभा चुनाव मैदान में खड़े प्रत्याशियों के सूरत आने का सिलसिला जारी है। रविवार को गोगुंदा व कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सूरत आएंगे। सूरत में बसे गोगुंदा प्रवासियों की ओर से मेवाड़ प्रवासी सम्मेलन का आयोजन रविवार शाम पांच बजे से गोडादरा रोड पर तुलसी गार्डन में किया जाएगा। सम्मेलन में राजस्थान के उदयपुर जिले की गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी प्रतापलाल गमेती एवं राजसमंद जिले की कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्रसिंह राठौड़ समेत अन्य नेता संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के ही कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मांगीलाल गरासिया गत रविवार को ही सूरत आकर गए। इस दौरान उन्होंने परवत पाटिया में अर्चना स्कूल रोड पर घांची समाज की वाड़ी में समस्त कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया और मतदान के लिए गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र में सात दिसम्बर को पहुंचने का आमंत्रण भी सूरत में बसे प्रवासियों को दिया था। रविवार को गोगुंदा व कुंभलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सूरत आएंगे।
बैठक में बनाई योजना
उधर, पोकरण प्रवासियों की बैठक भाजपा प्रत्याशी महंत प्रतापपुरी महाराज के समर्थन में गुरुवार को कपड़ा बाजार के राधाकृष्णा टैक्सटाइल मार्केट में आयोजित की गई। बैठक में मौजूद व्यापारियों ने पोकरण विधानसभा क्षेत्र में जाने के लिए बसों की व्यवस्था समेत अन्य इंतजाम के लिए योजना बनाई।

गुरुदेव की पुण्यतिथि मनाएंगे


मेवाड़ महानायक प्रवर्तक अम्बालाल महाराज की 25वीं रजत पुण्यतिथि श्रीअम्बेश गुरु नमन यात्रा सेवा संस्थान, गुजरात की ओर से मनाई जाएगी। इस दौरान महाराज की जन्मस्थली थामला से निर्वाण भूमि फतहनगर तक 8 जनवरी से तीन दिवसीय पुण्यतिथि कार्यक्रम मनाया जाएगा। इस दौरान देशभर से हजारों यात्री थामला से पैदल फतहनगर स्मृति स्थल पहुंचेंगे। इस सिलसिले में 9 जनवरी को गुरु अम्बेश के जीवन चरित्र पर आधारित नाटक की प्रस्तुति वलसाड के शैलेष एंड ग्रपु के सदस्य देंगे। वहीं, नमन यात्रा निकाली जाएगी। यह जानकारी संस्थान के महामंत्री गौतम बाफना ने दी।

Published on:
29 Nov 2018 08:44 pm