
सूरत.
पश्चिम रेलवे की कुछ ट्रेनों से हटाए गए प्रथम श्रेणी के डिब्बों के स्थान पर अपग्रेडेड द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे तैयार किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर १७ सितम्बर को नए कोच बांद्रा टर्मिनस-सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगाए जाएंगे।
पश्चिम रेलवे ने परम्परागत प्रथम श्रेणी के डिब्बों के स्थान पर अपग्रेडेड द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे जोडऩे का कदम उठाया है। नीतिगत निर्णय के तहत रेलवे ने प्रथम श्रेणी के डिब्बों का उत्पादन बंद कर दिया है। ज्यादातर गाडिय़ों से अधिक पुराने प्रथम श्रेणी के डिब्बे हटा लिए गए हैं। प्रथम श्रेणी के यात्रियों की ओर से उनके लिए विशेष कोच की मांग की जा रही थी। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ए.के. गुप्ता ने सम्बंधित अधिकारियों को प्रथम श्रेणी पास धारकों के लिए कोच विकसित करने के निर्देश दिए थे।
पहले प्रथम श्रेणी टिकट धारकों के लिए दो डिब्बे उपलब्ध कराए गए थे। चिन्हित होने के बावजूद द्वितीय श्रेणी के यात्री इनमें प्रवेश करते थे। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि मुंबई मंडल के सेंट्रल कोचिंग डिपो ने प्रथम श्रेणी के यात्रियों के लिए कोच विकसित किए गया। इनमें यात्रियों की सहूलियतों का विशेष ध्यान रखा गया है। महाप्रबंधक ए.के. गुप्ता ने हाल ही इन कोच का निरीक्षण और इनकी विशेषताओं की सराहना की।
यह कोच 17 सितम्बर से बांद्रा-टर्मिनस से 12935/१२९36 बांद्रा टर्मिनस-सूरत इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी के टिकटधारियों के लिए उपलब्ध होंगे। जल्द ही फ्लाइंग रानी तथा वलसाड पैसेंजर में भी अपग्रेडेड डिब्बे जोड़े जाएंगे।
कोच की विशेषताएं
अपग्रेडेड कोच में सीटों पर बेहतर कुशन, अपर बर्थ पर भी कुशन, स्टेनलेस स्टील लगेज रैप, नई डिजाइन की काउंटर रैप, एसएस वॉश बेसिन, सूखे एवं गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन, स्टेनलेस स्टील गार्ड वाले पंखे, पूर्णत: एलइडी लाइटिंग, एलइडी मिरर लाइट्स के साथ वॉश बेसिन पर चौड़े शीशे, बर्थ पर मोबाइल चार्जिंग प्वॉइंट्स, शौचालयों में बायो-टॉयलेट, शौचालयों में दुर्गन्ध रोकने के लिए वेन्चुरी आधारित वेंटिलेशन प्रणाली है। कोच की साज-सज्जा भी आकर्षक है।
यूटीएस ऑन मोबाइल एप आज से एक्टिव
सूरत. पश्चिम रेलवे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सोमवार से छह रेल मंडलों मुम्बई, वड़ोदरा, अहमदाबाद, राजकोट, भावनगर, रतलाम में यूटीएस ऑन मोबाइल एप की शुरुआत करेगी। उपनगरीय स्टेशनों पर मोबाइल टिकटिंग पहले से उपलब्ध है। यूटीलिटी के लिए कस्टमर केयर स्थापित किया गया है। यह अहमदाबाद मंडल पर कार्यरत है। हेल्पलाइन नंबर 138 पर प्रशिक्षित कर्मचारी यात्रियों की समस्याओं के निवारण के लिए उपलब्ध रहेंगे। ऑनलाइन यूटीएस एप शुरू करने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग माध्यम से जोडऩा है। रेलवे ने प्रत्येक आर-वैलेट रिचार्ज पर 5 प्रतिशत बोनस देने की घोषणा की है। एंड्रॉयड, आइओएस तथा विंडो आधारित स्मार्ट फोन पर गूगल प्ले स्टोर से एप को नि:शुल्क डाउनलोड किया जा सकता है। एप पर सभी अनारक्षित एवं सीजन टिकट बुक किए जा सकेंगे।