
सूरत. अमरोली थानाक्षेत्र के छापराभाठा रोड इलाके में मंगलवार देर रात कचरा फेंकने की बात को लेकर हुए विवाद में दो अलग अलग समुदायों के गुट आमने सामने हो गए। हिंसक झड़प में फायरिंग भी हुई जिसमें एक जनें का अंगुठा उड़ गया वहीं दोनों गुटों के कुछ अन्य जख्मी हो गए। देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाकर दोनों गुटों की प्राथमिकियों के आधार पर दो अलग अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक छापराभाठा रोड वल्लभनगर सोसायटी निवासी नरेन्द्र सुवा (25) ने आरोप लगाया है कि छापराभाठा रोड मधुवन सोसायटी निवासी युनुस शेख, इस्लाम, इमरान, राघव, टिवो व उनके पांच अन्य साथियों ने घातक हथियारों से लैस होकर उस पर उसके साथियों हमला किया। रात साढ़े दस बजे वे उनके किराएदार के साथ कचरा फेंकने की बात को लेकर झगड़ा कर रहे थे तथा उसे अपशब्द कह रहे थे। उन्होंने अपशब्द बोलने से मना किया तो उन्होंने पिस्तौल निकाल ली। चाकू समेत अन्य धारदार हथियारों से लैस होकर उन पर हमला किया।
इसी तरह से युनुस शेख ने आरोप लगाया है कि नरेन्द्र आहिर, कान्हा आहिर, पुनो भरवाड़, पूना भरवाड़, हमीर आहिर व अन्य आठ जनों ने उन पर व उनके साथियों पर हमला किया। मधुवन सोसायटी में रहने वाला नरेन्द्र का किराएदार घर के बाहर कचरा डालता था। इस बात को लेकर फोन पर नरेन्द्र से विवाद हुआ और रात दस बजे वह हथियारों से लैस होकर अपने साथियों के साथ सोसायटी में पहुंचा।
उनके हमला करने पर युनुस के भाई ने बचाव के लिए उन पर पिस्तौल तानी और उन्हें रोकने का प्रयास किया। उससे पिस्तौल खींचने के प्रयास में गोली चल गई और युनुस के हाथ का एक अंगुठा उड़ गया। हमले में उनके साथी भी जख्मी हो गए। देर रात मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाकर दोनों गुटों की प्राथमिकियों के आधार पर दो अलग अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।