
गुप्तांग में चाकू से वार कर युवक की हत्या का प्रयास
सूरत. गणेशोत्सव के दौरान मामूली बात को लेकर हुए विवाद की रंजिश में एक जनें ने एक युवक पर मंगलवार शाम चाकू से जान लेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के गुप्तांग व सिर में गंभीर घाव लगे है। उसे न्यू सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गटना के संबंध में अडाजण पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस निरीक्षक एम.वी.तड़वी ने बताया कि पालनपुर गांव ओमकार रेजिडेंसी निवासी संदीप पुत्र सुरेश मराठे (22) पर मंगलवार शाम इसी सोसायटी में रहने वाले राजू उर्फ राज संतवाणी (28) ने जानलेवा हमला किया। गणेशोत्सव के दौरान दोनों के बीच एक दूसरे के सामने देखने को लेकर विवाद हो गया था। उस दौरान दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था लेकिन लोगो के बीच बचाव करने पर मामला शांत हो गया था।
तब से राजू संदीप से रंजिश रखे हुए था। मंगलवार शाम संदीप घर लौट रहा था। उस दौरान निकट की पाश्र्वनाथ सोसायटी के सामने पीछे से आए राजू ने उसकी गुप्तांग में चाकू से वार कर दिया। उसके बाद उसने संदीप के सिर में व सीने पर भी वार दिए और वहां से फरार हो गया। लोगो ने संदीप को गंभीर हालत में न्यू सिविल अस्पताल पहुंचाया। खबर मिलने पर अडाजण पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटना के संंबंध में मामला दर्ज कर बुधवार सुबह राजू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि उससे पूछताछ जारी है।
शो रूम से रुपए चुराए, धरा गया
सूरत. क्राइम ब्रांच ने उधना-मगदल्ला रोड स्थित स्टोर से ५४ हजार रुपए की चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मगदल्ला भावी दर्शन सोसायटी निवासी आशुतोष जयस्वाल (28) उधना-मगदल्ला रोड स्थित धीरज एण्ड संस शो रूम से ५४ हजार रुपए चुराए। शो रूम में बतौर कैशीयर काम करने वाले आशुतोष ने शुक्रवार रात दिन भर के कलेक्शन के रुपए चुरा कर ले गया।
घटना के संबंध में शो रूम के प्रबंधक मुस्तफा शेख की शिकायत पर खटोदरा पुलिस ने मामला दर्ज किया। इस बीच मुखबिर के सूचना पर मंगलवार रात क्राइम ब्रांच ने आशुतोष को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से १७ हजार रुपए बरामद कर लिए। शेष रुपयों के बारे में उससे पूछताछ जारी है।
Updated on:
01 Nov 2018 02:07 pm
Published on:
01 Nov 2018 02:07 pm
