सूरत

ऐसी भी क्या मजबूरी, जूता चोर को पहले रंगेहाथ पकड़ा और फिर भी छोडऩा पड़ा

राधाकृष्ण मार्केट की घटना
2 min read
Nov 29, 2018
patrika
ऐसी भी क्या मजबूरी, जूता चोर को पहले रंगेहाथ पकड़ा और फिर भी छोडऩा पड़ा

सूरत. कपड़ा बाजार के विभिन्न टैक्सटाइल मार्केट में व्यापारिक प्रतिष्ठान के बाहर से जूते चुराने के मामले में एक जूता चोर को राधाकृष्णा टैक्सटाइल मार्केट में रंगेहाथ पकड़ा। हालांकि शिकायत के अभाव बाद में उसे छोड़ दिया गया। कपड़ा बाजार के सूत्रों के अनुसार शनिवार को कपड़ा बाजार में मोटी बेगमवाड़ी के राधाकृष्णा टैक्सटाइल मार्केट में व्यापारिक प्रतिष्ठान के बाहर से जूते चुराते युवक सीसीटीवी में कैद हुए। घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारियों की शिकायत के आधार पर मार्केट प्रबंधन ने सोमवार से ही सीसीटीवी में कैद हुए चेहरों की पहचान कर उन पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान सीसीटीवी में कैद एक युवक मार्केट परिसर में बड़ा झोला लेकर संदिग्ध हालत में घूमता हुआ तैनात सिक्युरिटी के जवानों को दिखाई दिया। उसके बाद नजदीक पहुंचकर उसकी हरकतों पर नजर रखी गई और जैसे ही वह व्यापारिक प्रतिष्ठान के बाहर रखे जूते-चप्पल को पैर से दूर हटाकर झोले में डालने लगा तो जवानों ने उसे दबोच लिया। हालांकि बाद में उसे शिकायत के अभाव में वहीं से डांट-डपटकर छोड़ दिया गया। इस संबंध में मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष जयलाल ने बताया कि ऐसे मामलों में ज्यादातर व्यापारी पुलिस शिकायत नहीं करते है, इसलिए रंगेहाथ पकड़े गए चोर को भी मजबूरन छोडऩा पड़ता है, जबकि ऐसी घटनाएं कपड़ा बाजार के अधिकांश टैक्सटाइल मार्केट में आए दिन घटित होती रहती है।

चिकित्सक का किया सम्मान


आगम आर्केड में आग की घटना के दौरान पीडि़त बच्चों का तत्काल उपचार करने वाले चिकित्सक उदय शाह व डॉ. इशान शाह का बुधवार को गुजरात प्रांतीय माहेश्वरी सभा एवं सूरत जिला माहेश्वरी सभा ने सम्मान किया। चिकित्सक शाह के घर पहुंचकर स्मृृति चिह्न व पुष्पगुच्छ से सम्मान करने वालों में समाज के रामरतन भूतड़ा, मदन पेड़ीवाल, सुरेश काबरा समेत सभा के अन्य कई पदाधिकारी मौजूद थे।

फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू


गुजरात पीएफ विभाग की ओर से वेस्टर्न जोन की फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार से किया गया। तापी वैली स्कूल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, गोवा की टीमें शामिल है।

Published on:
29 Nov 2018 06:34 pm