सूरत

यूथ कांग्रेस ने किया यज्ञ, पाल-उमरा ब्रिज के रुके काम पर जताया विरोध

उमरा क्षेत्र में छह बंगलों के कारण अटका पड़ा है काम

2 min read
Aug 27, 2018
यूथ कांग्रेस ने किया यज्ञ, पाल-उमरा ब्रिज के रुके काम पर जताया विरोध

सूरत. पाल-उमरा ब्रिज के बरसों से अटके काम के लिए मनपा पदाधिकारियों को जिम्मेदार बताते हुए शहर यूथ कांग्रेस ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। पाल-उमरा ब्रिज के अडाजण पाल की ओर के हिस्से पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यज्ञ कर मनपा पदाधिकारियों के लिए बुद्धि शुद्धि की कामना की।

तापी नदी पर पाल-उमरा ब्रिज मनपा प्रशासन के लिए गलफांस बना हुआ है। मनपा प्रशासन ने एसवीएनआइटी के समीप उमरा गांव को नदी पार पाल से जोडऩे के लिए पाल-उमरा ब्रिज पर काम शुरू किया था। रास्ते में आ रहे कुछ बंगलों के कारण यह काम बरसों से अटका पड़ा है। ब्रिज पाल की ओर से आधे से ज्यादा बन चुका है। उमरा क्षेत्र की ओर छह बंगलों के कारण काम पूरा नहीं हो पा रहा है। संपत्ति मालिकों को अन्यत्र जगह देने के प्रस्ताव के बावजूद मामला सुलझ नहीं पाया है।

ये भी पढ़ें

गणपति महोत्सव के आर्डर को पूरा करने में जुटे मूर्तिकार

मामला स्थाई समिति में गया तो मई में समिति ने सभी संपत्ति मालिकों को बुलाकर उनका पक्ष सुना था। उसी दौरान समिति ने चेतावनी दी थी कि यदि संपत्ति मालिकों का रुख सकारात्मक नहीं रहा तो मनपा प्रशासन जबरन इसे अवाप्त कर लेगा। इसके बाद गेंद संपत्ति मालिकों के पाले में है। अब तक मनपा प्रशासन को कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।
लंबे समय से अटके पड़े इस प्रोजेक्ट से पुल की लागत लगातार बढ़ रही है। विपक्ष पहले भी आरोप लगाता रहा है कि सत्तापक्ष की वजह से मामला अटका पड़ा है।

शहर यूथ कांग्रेस प्रमुख प्रदीप सिंघव के नेतृत्व में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार शाम चार बजे पाल की ओर ब्रिज के हिस्से पर जमा हुए। यहां उन्होंने यज्ञ किया, जो करीब एक घंटे चला। इस दौरान मनपा पदाधिकारियों की तस्वीरें रख भगवान से उनकी बुद्धि शुद्धि की कामना की गई, जिससे पुल का अटका काम जल्द पूरा हो सके। इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाबू रायका, पार्षद असलम साइकिलवाला, पार्षद विजय पानसेरिया, पार्षद इमरान सोलंकी, असलम मोबाइलवाला समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

ये भी पढ़ें

गुटबाजी से दूर रहकर संगठन की मजबूती पर जोर

Published on:
27 Aug 2018 08:47 pm
Also Read
View All