
China Open: इटली के 25 वर्षीय वर्ल्ड नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी जेनिक सिनर चाइना ओपन 2026 में नहीं खेलेंगे। चोट के कारण पेशेवर टेनिस में उनकी वापसी में देरी हो रही है। जेनिक सिनर जुलाई में विंबलडन खिताब का बचाव करने के बाद से कोई मैच नहीं खेल पाए हैं। घुटने की चोट की वजह से वह कई मास्टर्स टूर्नामेंट के साथ-साथ यूएस ओपन में भी नहीं खेल पाए थे।
जेनिक सिनर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बारे में कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि मैं इस साल बीजिंग में नहीं खेल पाऊंगा। मेरा घुटना अभी पूरी तरह से ठीक नहीं है और मैं अभी प्रतिस्पर्धा करने के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं हूं, लेकिन मैं जल्द से जल्द कोर्ट पर वापसी करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'पिछली बार खिताब जीतना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा था। इस साल उसका बचाव न कर पाने से मैं निराश हूं, लेकिन अगले साल वापस आने को लेकर मैं उत्साहित हूं।'
बीजिंग में होने वाले इस एटीपी 500 टूर्नामेंट में सिनर दो बार चैंपियन रह चुके हैं। उन्होंने 2023 और 2025 में खिताब जीता था, जबकि 2024 में वह फाइनल तक पहुंचे थे।
2026 का चाइना ओपन बीजिंग में 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक आयोजित होगा। इस टूर्नामेंट में टॉप-10 खिलाड़ियों में अलेक्जेंडर ज्वेरेव, फेलिक्स ऑगर-अलियासिम, फ्लावियो कोबोली, डेनियल मेदवेदेव और एलेक्स डी मिनौर शामिल हैं।
25 वर्षीय सिनर 2026 सीजन के अधिकांश समय शानदार फॉर्म में रहे हैं। 2026 में सिनर का रिकॉर्ड 44-3 है। इस दौरान उन्होंने इंडियन वेल्स, मियामी, मोंटे-कार्लो, मैड्रिड और रोम में ATP Masters 1000 खिताब जीते और करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा किया।
जेनिक सिनर ने अपने करियर में अब तक 5 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीते हैं। वह जून 2024 में पहली बार ATP विश्व रैंकिंग में नंबर 1 स्थान पर पहुंचे और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले इतालवी पुरुष खिलाड़ी बने। इसके अलावा, 2026 में रोम मास्टर्स (Italian Open) का खिताब जीतकर सिनर ने सभी 9 ATP Masters 1000 टूर्नामेंटों में करियर खिताब पूरा किया। वह नोवाक जोकोविच के बाद ऐसा करने वाले इतिहास के दूसरे पुरुष खिलाड़ी बने।