डायल 112 और 108 नहीं पहुंची, स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
टीकमगढ़. जतारा मऊरानीपुर मार्ग पर रविवार को एक भीषण सडक़ हादसे में सब्जी से भरी ऑटो को पीछे से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पलट गई और उसमें सवार लोग वाहन के नीचे दब गए। दुर्घटना में एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके पति सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जतारा थाना क्षेत्र के बैरवार बदरगुड़ा निवासी नत्थू रैकवार 45 वर्ष, अपनी पत्नी मंजू रैकवार 42 वर्ष के साथ मऊरानीपुर सब्जी मंडी से ऑटो में सब्जी खरीदकर जतारा लौट रहे थे। ऑटो में सब्जी भरी हुई थी। जैसे ही वाहन जतारा टीकमगढ़ मार्ग पर हीरो एजेंसी के पास पहुंचा। तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे डंपर ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैक्सी पलट गई और चालक नत्थू रैकवार और उसकी पत्नी मंजू वाहन के नीचे दब गए।
ऑटो में सवार एक अन्य व्यक्ति भी हादसे में घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और निजी साधनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतारा पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मंजू रैकवार को मृत घोषित कर दिया, जबकि नत्थू रैकवार और एक अन्य घायल का इलाज जारी है।
बताया गया है कि नत्थू और उसकी पत्नी रोजाना मऊरानीपुर मंडी से सब्जी खरीदकर जतारा और आसपास के साप्ताहिक बाजारों में दुकान लगाकर परिवार का पालन.पोषण करते थे। रविवार को भी वे दुकान लगाने के लिए सब्जी लेकर लौट रहे थेए तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर जतारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फ रार हो गया। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद न तो डायल 112 और न ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची, यदि समय पर मदद मिल जाती तो शायद महिला की जान बच सकती थी।