टीकमगढ़

किडनैप करने वाले आरक्षक से शादी करने को अड़ी युवती, निवाड़ी में उलझा मामला

Girl Kidnapping Case- निवाड़ी के गांव में दलित युवती के अपहरण को लेकर आरक्षक पर आरोप लगाए है। युवती ने अपने बयान में उसी आरक्षक से शादी करने की बात कही।
2 min read
Jun 29, 2026
Dalit Girl Kidnapping Case abducted roshni said I will marry constable only
Dalit Girl Kidnapping Case- किडनैप करने वाले आरक्षक से शादी करने को अड़ी युवती (फोटो सोर्स- Patrika)

Dalit Girl Kidnapping Case- मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में दलित युवती के अपहरण का मामला उलझता जा रहा है। जिले के लुहरगुवां चौकी में रहे आरक्षक राहुल विश्वकर्मा के खिलाफ दलित युवती के अपहरण और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगे है। युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत एसपी से की है। निवाड़ी एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया ने इस मामले में पृथ्वीपुर एसडीओपी को जांच सौंपी है और बरामद् की गई युवती को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। यह मामला तब उलझ गया जब पुलिस ने युवती के बयान लिए। अपने बयान में युवती ने चौंकाने वाली बात कही।

पिता ने एसपी की शिकायत, आरक्षक पर लगाए कई गंभीर आरोप

लुहरगुवां निवासी रामकुंवर पत्नी दाखी वंशकार ने निवाड़ी पुलिस अधीक्षक को सौपे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 26 जून की सुबह 9:30 बजे आरक्षक राहुल विश्वकर्मा ने अपने एक दोस्त को उसके घर भेज कर उसकी पुत्री रोशनी को बुलाया और फिर वह उसे अपनी काले रंग की कार से पहले ओरछा और फिर झांसी ले गया। इस मामले में उन्होंने लुहुरगुवां चौकी में शिकायत की तो आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज न करते हुए केवल गुमशुदगी की शिकायत दर्ज की गई। इसके बाद परिजनों के दबाव के बाद आरक्षक उनकी पुत्री को 27 जून की सुबह पुतनयाऊ खिरक की सड़क पर छोड़कर भाग गया। इसके साथ ही ग्रामीणों ने भी आरक्षक पर क्षेत्र में अवैध शराब, खनन कराने सहित गंभीर आरोप लगाए है।

युवती ने बोला- उसी से करूंगी शादी

इस गंभीर मामले में एसपी डॉ. राय सिंह नरवरिया का कहना है कि अपहृत की गई रोशनी के एसडीओपी के समक्ष महिला थाने में बयान दर्ज कराए गए है। उसके दस्तावेजों की जांच की गई है. जिसमें उसकी उम्र 18 वर्ष 4 माह है और वह बालिग है। उसने आरक्षक के साथ शादी करने की बात कही है। इस पूरे मामले की जांच एसडीओपी पृथ्वीपुर को सौंपी है। डॉ. नरवरिया का कहना था कि पुलिस अब आरक्षक के बयान लेगी और पूरे मामले की जांच करेगी। गई जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

थाने से रवानगी के बाद हुई घटना…

बताया जा रहा है कि आरक्षक राहुल विश्वकर्मा का लुहुरगुवां चौकी से पुलिस लाइन के लिए स्थानांतरण कर दिया गया था। इसके बाद चौकी प्रभारी ने 24 जून को उसे पुलिस लाइन के लिए मुक्त कर दिया गया था। इसके बाद ही आरक्षक ने इस घटना को अंजाम दिया है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को भगाने के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं।

Updated on:
29 Jun 2026 05:00 pm
Published on:
29 Jun 2026 04:32 pm