mp news: फसलों को जानवरों से बचाने खेत की फेंसिंग पर लगाए थे करंट के तार, चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल, परिवार में मातम।
mp news: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के खरगापुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुना में एक दर्दनाक घटना में पति-पत्नी के साथ ही बकरी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी बकरियां चराने के लिए गए थे, इसी दौरान मवेशियों से फसलों को बचाने के लिए एक खेत की फेंसिंग में लगाए गए करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। फसलों से मवेशियों को बचाने के लिए किसान ने अपने खेत की फेंसिंग पर करंट के तार डाल रखे थे। इसी की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हुई है। पुलिस ने खेत के मालिक पर मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
रविवार को ग्राम गुना निवासी टुंडा आदिवासी 65 वर्ष अपनी पत्नी गनेशी बाई के साथ बकरियां चराने के लिए गया था। यह दोनों बकरियां चराते हुए जैसे ही बृजलाल अहिरवार के कचना मटया हार के खेत के पास पहुंचे तो इनकी एक बकरी खेत की फेंसिंग की चपेट में आ गई और करंट लगने से तड़पने लगी। इस पर बिना कुछ सोचे-समझे टुंडा और गनेशी ने अपनी बकरी को बचाने का प्रयास किया और उन्होंने भी फेंसिंग के तार पकड़ लिए। ऐसे में इन दोनों को भी जोर का करंट लगा और मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बकरी के भी प्राण-पखेरु उड़ गए। इस घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया और पुलिस को सूचना दी गई।
इस प्रकार के जानलेवा प्रबंध कई किसानों द्वारा किए जाते है। पूर्व में भी फेंसिंग के तार के करंट से कई मवेशियों एवं किसानों की जान जाने के समाचार सामने आ चुका है। बताया जा रहा है कि किसान ने खेत पर करंट का झटका लगने वाला प्रबंध किया था, लेकिन पहले बकरी के इसकी चपेट में आने से वह प्रबंध फेल हो गया और पूरी फेंसिंग में करंट फैल गया। घटना को लेकर थाना प्रभारी अंबर सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपी बृजलाल के खिलाफ धारा 105, 325 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मृतक टुंडा और उसकी पत्नी गनेशी बाई के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है। एक साथ पति-पत्नी की मौत से पूरे गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।