Orchha Ramraja Lok: ओरछा में जुझार सिंह महल की मरम्मत के कार्य के दौरान महल में एक अत्याधुनिक कक्ष निकला है। यह मिट्टी के भराव से ढंक गया था।
Orchcha Ramraja Lok: ओरछा में जुझार सिंह महल की मरम्मत के कार्य के दौरान महल में एक अत्याधुनिक कक्ष निकला है। यह मिट्टी के भराव से ढंक गया था। पर्यटन विभाग मजदूरों से इस कक्ष को साफ करा रहा है। यहां पर राजशाही दौर की जल संरचना भी मिली है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महल की सीढ़ियां जमीन में दबी थीं। इन सीढ़यों को पूरा निकालने के लिए की गई खुदाई के दौरान एक फव्वारा निकला। इसके बाद सीढ़ियां और नीचे जा रही थीं।
बेसमेंट की संभावना पर खुदाई शुरू की तो महल के ठीक नीचे एक कक्ष निकला। यह कक्ष 20 फीट बाय 8 फीट का है। यह कक्ष भी पहले मिले बेसमेंट की तरह सुरक्षित है। इसमें वाटर बॉडी मिली है। संभावना है कि इस कक्ष का उपयोग स्नान या फव्वारे तक पानी पहुंचाने के लिए किया जाता होगा।
जुझार सिंह महल और श्रीराम राजा मंदिर के बीच के हिस्से में भी जांच कराई जा रही है कि कहीं यहां पर भी बेसमेंट नहीं है। यह बेसमेंट भी 500 साल पुराना बताया जा रहा है। पुरातत्व विभाग के क्यूरेटर घनश्याम बाथम का कहना है कि नई मिली संरचना का निरीक्षण कर इसे संरक्षित किया जाएगा।
राम राजा लोक में चल रही खुदाई में अब तक भूमिगत चार संरचनाएं मिल चुकी हैं।
1.सबसे पहले सावन-भादौ के नीचे वातानुकूलित बेसमेंट मिला।
2. इसके बाद वीआइपी पार्किंग के पास बेसमेंट के साथ जल संरचनाएं निकलीं।
3. और फिर एक मंदिर निकला।
4. राम राजा धर्मशाला के नीचे के हिस्से में भी पुराने कक्ष सामने आए थे।